भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली ने इंदौर में पहला शतक जमाने के बावजूद भारत को जीत नहीं दिला सके, लेकिन इस पारी के साथ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने में जरूर सफल रहे।
निर्णायक मुकाबले में विराट का शतक
न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को इंदौर में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 108 गेंदों पर 124 रन की बेहतरीन पारी खेली। यह विराट कोहली का इंदौर में पहला वनडे शतक था, जबकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का यह उनका 85वां शतक रहा। वनडे फॉर्मेट में यह कोहली का 54वां शतक है।
35 मैदानों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज
इस शतक के साथ विराट कोहली दुनिया के 35 अलग-अलग क्रिकेट मैदानों में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। सचिन ने 34 अलग-अलग स्टेडियमों में शतक जमाए थे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड शतकों का कारनामा
विराट कोहली का न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी फॉर्मेट मिलाकर यह 10वां शतक था। इसके साथ ही वह कीवी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट को मिलाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। विराट के नाम अब कीवी टीम के खिलाफ कुल 10 शतक दर्ज हैं।
कैलिस, रूट और तेंदुलकर को छोड़ा पीछे
इस उपलब्धि के साथ विराट कोहली ने जैक्स कैलिस, जो रूट और सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। इन तीनों बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 9-9 शतक लगाए हैं। भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली को ‘चेज मास्टर’ के नाम से जाना जाता है। उनकी हर बड़ी पारी को अक्सर भारत की जीत की गारंटी माना जाता है।
जब शतक भी हार नहीं टाल सके
हालांकि, कई मौकों पर विराट की शतकीय पारियां भी भारत की जीत के लिए पर्याप्त साबित नहीं हो सकीं। इंदौर में लगाया गया यह शतक विराट के करियर का ऐसा नौवां शतक था, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। इस मामले में शीर्ष पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके 14 शतक भारत की जीत के काम नहीं आ सके।
यह भी पढ़े: 38 साल बाद भारत में न्यूजीलैंड की वनडे सीरीज जीत
https://www.primenewsnetwork.in/india/nz-win-odi-series-in-india-after-38-yrs/105441