प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

कोको गॉफ पहली बार विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचीं

कोको गॉफ ने पहली बार सेमीफाइनल में बनाई जगह, जेसिका पेगुला को तीन सेटों में हराया

अमेरिका की स्टार टेनिस खिलाड़ी और पूर्व फ्रेंच ओपन चैंपियन कोको गॉफ ने शानदार वापसी करते हुए अपनी हमवतन जेसिका पेगुला को हराकर पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

कोको गॉफ ने पहली बार सेमीफाइनल में बनाई जगह जेसिका पेगुला को तीन सेटों में हराया

Coco Gauff Reaches First Wimbledon Semifinal |

लंदन। अमेरिका की स्टार टेनिस खिलाड़ी और पूर्व फ्रेंच ओपन चैंपियन कोको गॉफ ने शानदार वापसी करते हुए अपनी हमवतन जेसिका पेगुला को हराकर पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टरफाइनल मुकाबले में कोको गॉफ ने पहला सेट 4-6 से गंवाया, लेकिन इसके बाद शानदार खेल दिखाते हुए अगले दो सेट 6-3, 6-3 से अपने नाम कर मैच 4-6, 6-3, 6-3 से जीत लिया। यह मुकाबला एक घंटा 48 मिनट तक चला।

पहली बार पहुंचीं विंबलडन के अंतिम चार में

इस जीत के साथ गॉफ ने अपने करियर में पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अब उनके पास दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का मौका होगा। उन्होंने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब पिछले वर्ष फ्रेंच ओपन में जीता था। इस उपलब्धि के साथ कोको गॉफ सभी चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में सेमीफाइनल या उससे आगे पहुंचने वाली सातवीं सक्रिय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। इस सूची में वीनस विलियम्स, सेरेना विलियम्स, कैरोलिना प्लिस्कोवा, आर्यना सबालेंका और इगा स्वियाटेक जैसी दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं।

घास के कोर्ट पर बदली किस्मत

टूर्नामेंट शुरू होने से पहले गॉफ घास के कोर्ट पर लगातार चार मुकाबले हार चुकी थीं। हालांकि विंबलडन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार कठिन मुकाबले जीते और क्वार्टरफाइनल में भी दमदार वापसी का परिचय दिया। सेमीफाइनल में कोको गॉफ का मुकाबला 10वीं वरीयता प्राप्त कैरोलिना मुचोवा से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक सात मुकाबले हुए हैं, जिनमें गॉफ ने छह मैच जीते हैं।

जीत के बाद क्या बोलीं गॉफ

जीत के बाद गॉफ ने कहा कि इस टूर्नामेंट से पहले दो वर्षों तक वह घास के कोर्ट पर एक भी मैच नहीं जीत सकी थीं, इसलिए यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने जेसिका पेगुला की तारीफ करते हुए कहा कि उनके खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। गॉफ ने कहा कि पहले सेट में वह जल्दबाजी कर रही थीं, लेकिन बाद में उन्होंने अपने खेल पर भरोसा बनाए रखा और धैर्य के साथ खेलते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: मातृभूमि' से सलमान खान का दमदार नया लुक आया सामने, फिल्म को लेकर बढ़ी फैंस की उत्सुकता

Related to this topic: