फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के खिलाफ राजनीतिक तटस्थता नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर शिकायत के बाद आईओसी जांच की संभावना जताई जा रही है।
FIFA President Infantino May Face IOC Probe Over Alleged Political Neutrality Violation |
न्यूयॉर्क,(अमेरिका)। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो को राजनीतिक तटस्थता के नियमों के कथित उल्लंघन के आरोपों के चलते अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की जांच का सामना करना पड़ सकता है। एक मानवाधिकार संगठन ने आरोप लगाया है कि इन्फेंटिनो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में कदम उठाकर फीफा के तटस्थता नियमों का उल्लंघन किया है।
फोलारिन बालोगुन पर लगाए गए एक मैच का प्रतिबंध हटा
यह मामला उस घटना के बाद सामने आया, जब फीफा ने अमेरिकी फुटबॉल खिलाड़ी फोलारिन बालोगुन पर लगाए गए एक मैच के प्रतिबंध को हटाया। बालोगुन को राउंड ऑफ 32 में बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ मुकाबले में लाल कार्ड दिखाया गया था, जिसके बाद उन पर निलंबन लगाया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप और अमेरिकी फुटबॉल संघ की कानूनी टीम के हस्तक्षेप के बाद लाल कार्ड का फैसला वापस लिया गया और बालोगुन को बेल्जियम के खिलाफ अगले मुकाबले में खेलने की अनुमति दी गई।
कई मौकों पर राजनीतिक तटस्थता के सिद्धांतों का उल्लंघन
मानवाधिकार संगठन फेयरस्क्वेयर ने कहा है, कि वह इन्फेंटिनो के खिलाफ आईओसी में शिकायत दर्ज करेगा। संगठन का आरोप है कि फीफा प्रमुख ने कई मौकों पर राजनीतिक तटस्थता के सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। रिपोर्ट के अनुसार, फेयरस्क्वेयर ने दिसंबर 2025 में फीफा की आचार समिति के समक्ष भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि इन्फेंटिनो ने ट्रंप की नीतियों और कार्यों के प्रति सार्वजनिक रूप से समर्थन जताया। संगठन ने फीफा द्वारा शुरू किए गए शांति पुरस्कार और कथित रूप से ट्रंप को दिए जाने वाले सम्मान की प्रक्रिया की भी जांच की मांग की है।
फीफा आचार संहिता के अनुच्छेद 15 का उल्लंघन
फेयरस्क्वेयर का कहना है, कि इन्फेंटिनो ने फीफा आचार संहिता के अनुच्छेद 15 का उल्लंघन किया है, जिसमें अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के लिए राजनीतिक मामलों में निष्पक्षता बनाए रखने का प्रावधान है। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने के साथ फुटबॉल से जुड़ी गतिविधियों से प्रतिबंध जैसी कार्रवाई हो सकती है। संगठन ने यह भी सवाल उठाया है कि फीफा शांति पुरस्कार शुरू करने और इसे ट्रंप को देने का निर्णय फीफा परिषद द्वारा लिया गया था या केवल इन्फेंटिनो के स्तर पर किया गया। यदि यह निर्णय व्यक्तिगत रूप से लिया गया है, तो फेयरस्क्वेयर ने इसे "सत्ता का दुरुपयोग" बताया है।
दिसंबर में इन्फेंटिनो के खिलाफ एक शिकायत हुई थी प्राप्त
आईओसी अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने कहा है, कि उन्हें अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन यदि शिकायत मिलती है तो आईओसी की नैतिकता समिति इसकी समीक्षा करेगी। वहीं, फीफा के जांच कक्ष के सचिवालय ने पुष्टि की है कि दिसंबर में इन्फेंटिनो के खिलाफ एक शिकायत प्राप्त हुई थी। हालांकि, संगठन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि फीफा अध्यक्ष के खिलाफ कोई आधिकारिक जांच शुरू की गई है या नहीं। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः आईएमएफ का अनुमान, वित्त वर्ष 2027 में 6.4% जीडीपी वृद्धि के साथ भारत रहेगा तेज रफ्तार अर्थव्यवस्थाओं में शामिल