प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

भारत के विजय रथ पर लगा ब्रेक

भारत के विजय अभियान पर लगा ब्रेक, सेमीफाइनल की राह हुई कठिन

अहमदाबाद। गत विजेता भारत के आईसीसी टी20 विश्वकप 2026 में जारी विजय अभियान को दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 राउंड में रोक दिया।

भारत के विजय अभियान पर लगा ब्रेक सेमीफाइनल की राह हुई कठिन

ICC T20 World Cup 2026 |

अहमदाबाद। गत विजेता भारत के आईसीसी टी20 विश्वकप 2026 में जारी विजय अभियान को दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 राउंड में रोक दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में मार्को यानसेन और केशव महाराज की घातक गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हरा दिया। इस मुकाबले में हार के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल में प्रवेश की राह कठिन हो गयी है।  दक्षिण अफ्रीका ने सुपर 8 मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। मेहमान दक्षिण अफ्रीका ने डेविड मिलर की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 187 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 188 रन का लक्ष्य दिया। इस टार्गेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। भारत की पूरी पारी 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई और दक्षिण अफ्रीका ने मैच को 76 रन से जीत लिया। भारत की इस टी 20 टूर्नामेंट में ये पहली हार है। इस हार के साथ ही भारतीय टीम का टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने का सिलसिला 12 मैच के बाद थम गया। भारतीय टीम की टी20 में रन अंतर के आधार दूसरी सबसे बड़ी और टी20 विश्व कप में सबसे बड़ी हार है। सुपर-8 राउंड में बड़े अंतर से हार ने भारत के लिए परेशानियां बढ़ी दी हैं उसके लिए सेमीफाइनल के समीकरण बिगड़ गए हैं।

भारत के लिए करो या मरो मुकाबले

ग्रुप दौर में लगातार चार मैच में चार जीत के साथ सुपर-8 राउंड में पहुंचने वाली भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खचा खच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में काफी खराब प्रदर्शन किया। इस हार के बाद भारतीय टीम का नेट रन रेट -3.80 हो गया है। ऐसे में उसे बाकी बचे दो मैच में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। भारतीय टीम को 26 फरवरी को जिंबाब्वे से और 1 मार्च को वेस्टइंडीज से भिड़ना है। दोनों मुकाबले अब करो या मरो वाले हो गए हैं। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जिंबाब्वे और वेस्टइंडीज को बड़े अंतर से मात देने के साथ ही रन रेट भी सुधारना होगा। ऐसा करके ही भारतीय टीम 4 अंक और बेहतर रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश पा सकेगी। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर आज पहले बल्लेबाज का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका की पारी की शुरूआत काफी खराब रही। दक्षिण अफ्रीका ने 4 ओवर में महज 20 रन पर 3 विकेट दिये। इसे देख एक समय ऐसा लग रहा था कि अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी का गलत फैसला कर लिया है। लेकिन तीन विकेट गिरने के बाद डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने चौथे विकेट के लिए महज 51 गेंदों में ही 97 रनों की साझेदारी करके टीम की मैच में वापस खड़ा कर दिया। डेविड मिलर ने 63(35), डेवाल्ड ब्रेविस ने 45(29) और ट्रिस्टन स्टब्स ने 44(24) रन की नाबाद पारी खेलकर दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन तक पहुंचा दिया।

भारत की पारी 111 रन पर सिमटी

भारत की और से अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए क्रमश: 2 और तीन विकेट लिए। दुबे और वरुण चक्रवर्ती को भी एक एक विकेट मिला। हार्दिक पांड्या इस मैच में काफी महंगे साबित हुए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। वाशिंगटन सुंदर भी विकेटलेस गए। भारतीय टीम जीत के लिए 188 रन का लक्ष्य मिला था। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजी काफी खराब रही। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ही खराब रही। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन खाता खोले बिना पहले ही ओवर में एडेन मार्करम का शिकार बन गए। इसके बाद मार्को यानसेन ने तिलक वर्मा को पवेलियन भेजा। वह सिर्फ एक रन बन पाए।  भारतीय प्रशंसकों को सुपर-8 मुकाबले में अभिषेक शर्मा से काफी उम्मीद थी। लेकिन उन्होंने एक बार फिर निराशाजनक प्रदर्शन किया। लगातार तीन मुकाबलों में शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक सिर्फ 15 रन बना सके और आउट हो गए। भारत की तरफ से एकमात्र शिवम दुबे कुछ संघर्ष करते दिखे। शिवम दुबे ने जरूर पारी संभालने की कोशिश की, और 37 गेंद में सबसे ज्यादा 42 रन बनाकर नौवें विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। कप्तान सूर्य कुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने 18 - 18 रन बनाये। वाशिंग्टन सुंदर ने 11 रन की पाली खेली जबकि रिंकू सिंह खाता भी नहीं खोल पाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 3-3 विकेट मार्को यानसेन और केशव महाराज ने लिए। 2 विकेट कार्बिन बॉश के और एक विकेट एडेन मार्करम के खाते में गए।

यह भी पढ़े: भारतीय टीम का सुपर-8 में आज दक्षिण अफ्रीका...

https://www.primenewsnetwork.in/sports/india-face-south-africa-in-crucial-super-8-clash/145038

Related to this topic: