पूर्व विश्व नंबर-1 भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को कोरिया मास्टर्स 2026 में पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।
आसन (कोरिया): पूर्व विश्व नंबर-1 भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को कोरिया मास्टर्स 2026 में पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, युवा भारतीय शटलर तन्वी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। बीएफडब्ल्यू सुपर 300 टूर्नामेंट में तीसरी वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत को इजरायल के डेनियल डुबोवेंको ने कड़े मुकाबले में 20-22, 21-14, 12-21 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। यह मुकाबला करीब 50 मिनट तक चला।
श्रीकांत की लगातार दूसरी टूर्नामेंट में शुरुआती हार
इस हार के साथ श्रीकांत लगातार दूसरी बार किसी टूर्नामेंट के पहले दौर से बाहर हुए हैं। इससे पहले जून में यूएस ओपन में भी उन्हें शुरुआती दौर में हार का सामना करना पड़ा था। पुरुष एकल वर्ग में भारत के रौनक चौहान, किरण जॉर्ज, मिथुन मंजुनाथ, सानीत दयानंद और थारुन मन्नेपल्ली भी पहले दौर में ही बाहर हो गए। इसके साथ ही पुरुष एकल में भारत की चुनौती समाप्त हो गई।
महिला एकल में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
महिला एकल मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। कुल नौ भारतीय शटलरों में से सात ने दूसरे दौर में जगह बनाई। पिछले सप्ताह ताइपे ओपन का खिताब जीतने वाली तन्वी शर्मा ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार तरीके से की। उन्होंने चीन की युआन आन क्यूई को सीधे गेम में 21-16, 21-15 से हराया।
कई भारतीय खिलाड़ियों ने दर्ज की जीत
पांचवीं वरीयता प्राप्त इशारानी बरुआ ने दक्षिण कोरिया की ली यो युल को 21-18, 15-21, 21-7 से हराया। आठवीं वरीयता प्राप्त अनमोल खरब ने वापसी करते हुए हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी को 16-21, 21-17, 21-12 से मात दी। अश्मिता चालिहा ने जापान की रिरीना हिरामोटो को 22-20, 21-18 से हराया, जबकि रक्षिता श्री संतोष रामराज ने दक्षिण कोरिया की ए येओन यू को 22-24, 21-12, 21-13 से शिकस्त दी।मानसी सिंह ने दक्षिण कोरिया की किम जू यून को 21-14, 19-21, 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।वहीं श्रीयांशी वलीशेट्टी ने चीन की पाई यू पो को 21-15, 21-14 से हराया। हालांकि, तान्या हेमंत और आकर्षी कश्यप को पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा।
महिला और मिश्रित युगल में भी भारतीय खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन
महिला युगल में सोनाली सिंह और रितिका ठाकर ने शानदार वापसी करते हुए दक्षिण कोरिया की बैंग जी सन और ह्यून जी जांग को 13-21, 21-15, 21-12 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। मिश्रित युगल में छठी वरीयता प्राप्त ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा की जोड़ी ने सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा की भारतीय जोड़ी को 20-22, 21-10, 21-15 से हराया। वहीं ध्रुव रावत और मनीषा की जोड़ी मिश्रित युगल से बाहर हो गई, जबकि भार्गव राम अरिगेला और विश्व तेज गोब्बुरु पुरुष युगल प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने जूडो स्वर्ण पदक विजेता अस्मिता डे को किया सम्मानित, बोले- देश के लिए गर्व का क्षण