प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पंत ने रचा इतिहास, टेस्ट में 100 छक्के

ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 100 छक्के पूरे कर लिए हैं।

ऋषभ पंत ने रचा इतिहास टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने

Pant Makes History, Hits 100 Test Sixes |

गाले [श्रीलंका]: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 100 छक्के पूरे कर लिए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज और दुनिया के कुल तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

श्रीलंका के खिलाफ हासिल की उपलब्धि

पंत ने यह उपलब्धि गाले में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में हासिल की। उन्होंने 69 गेंदों में 66 रन की पारी खेली, जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 95 से अधिक रहा। अब ऋषभ पंत के नाम टेस्ट क्रिकेट में ठीक 100 छक्के दर्ज हो गए हैं। उनसे आगे न्यूजीलैंड के दिग्गज ब्रेंडन मैकुलम 107 छक्कों के साथ दूसरे और इंग्लैंड के बेन स्टोक्स 138 छक्कों के साथ पहले स्थान पर हैं।

सबसे कम गेंदों में 100 छक्के

पंत ने सिर्फ 4,918 गेंदों में टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सबसे कम गेंदों में यह उपलब्धि हासिल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 6,578 गेंदों में 100 टेस्ट छक्के पूरे किए थे। पंत ने हर छक्के के लिए औसतन 49.2 गेंदें खेली हैं, जो टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में सबसे बेहतर औसत है।

शतक से चूके पंत

ऋषभ पंत इस मुकाबले में शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन 66 रन बनाकर आउट हो गए। इस साल दो टेस्ट मैचों में उन्होंने तीन पारियों में 186 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन रहा है और स्ट्राइक रेट 73.80 का रहा है।

पंत ने पिछले साल लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ दोहरे शतक लगाने के बाद से टेस्ट क्रिकेट में कोई शतक नहीं लगाया है।

भारत की बढ़त 350 रन के पार

मैच की बात करें तो भारत ने अपने छह विकेट गंवा दिए हैं और उसकी कुल बढ़त 350 रन से अधिक हो गई है। भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 284 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत को पहली पारी में 178 रन की बढ़त मिली।

दिनुशा के शतक के बावजूद श्रीलंका 284 पर सिमटा

श्रीलंका की पहली पारी में सोनल दिनुशा ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला के साथ छठे विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी की और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। हालांकि, तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 62वें ओवर में डिकवेला को 80 रन के स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। सोनल दिनुशा ने अपना शतक पूरा किया, लेकिन सुथार ने 4 विकेट और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लेकर श्रीलंका को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: दिल्ली HC ने JNU में वंचितता अंकों के आधार पर दाखिले पर लगाई रोक, 24 अगस्त को अगली सुनवाई

Related to this topic: