बहराइच के होटल में महिला और युवक के शव फंदे से लटके मिले। दोनों 22 सितंबर से खुद को पति-पत्नी बताकर ठहरे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। बहराइच शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित अवध कैलाश होटल में गुरुवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कमरे में 46 वर्षीय पिंकी शर्मा और 27 वर्षीय रिंकू के शव फंदे से लटकते मिले। दोनों 22 सितंबर से होटल में खुद को पति-पत्नी बताकर ठहरे हुए थे। दिनभर कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया। जवाब न मिलने पर दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर दोनों के शव मिले।
पुलिस ने दोनों शवों का कराया पोस्टमार्टम
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतका पिंकी गौतमबुद्ध नगर की रहने वाली और शादीशुदा थी। उसके पति विजय शर्मा कैटरिंग का काम करते हैं। परिवार में 10 वर्षीय बेटी और पांच वर्षीय बेटा है। वहीं रिंकू श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के कथरा माफी मजरा हसनापुर का निवासी था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और बिजली मैकेनिक का काम करता था।
पति ने शव घर ले जाने से किया इनकार
पोस्टमार्टम के बाद पिंकी का शव उसके पति विजय शर्मा को सौंपा गया। हालांकि उन्होंने शव को घर ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस वाहन से शव को बहराइच के त्रिमुहानी घाट ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार हुआ। पति विजय शर्मा ने ही चिता को मुखाग्नि दी।दूसरी ओर रिंकू के परिजन उसका शव लेकर श्रावस्ती रवाना हो गए।
साथ होटल पहुंचे, लेकिन अलग-अलग जगह हुई अंतिम विदाई
एक ही होटल के कमरे में दोनों की मौत के बाद अब कई सवाल खड़े हो गए हैं। दोनों 22 सितंबर से होटल में पति-पत्नी के रूप में ठहरे हुए थे। गुरुवार को कमरे से कोई गतिविधि नहीं हुई तो होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद घटना का पता चला।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में शराब के ठेके पर कहासुनी के बाद युवक की मौत, परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप