नागोया में आयोजित टेकबॉल प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी क्विम्सी डिसूजा महिला एकल के कांस्य पदक मुकाबले में जापान की युइना सकामोटो से कड़े संघर्ष के बाद 0-2 से हार गईं।
नागोया: भारतीय टेकबॉल खिलाड़ी क्विम्सी डिसूजा महिला एकल में कांस्य पदक जीतने से चूक गईं। उन्हें घरेलू दावेदार युइना सकामोटो से कड़े मुकाबले में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। सकामोटो ने 12-11, 12-11 से जीत दर्ज की। दोनों गेम निर्णायक क्षणों तक चले, जिससे डिसूजा को कई मौके गंवाने का अफसोस रहा। भारतीय खिलाड़ी के पास मैच पर नियंत्रण करने के कई मौके थे, पहले गेम में उन्होंने सेट प्वाइंट हासिल किया, लेकिन सकामोटो ने जोरदार वापसी की।
मिक्स्ड डबल्स में उतरेंगी डिसूजा
डिसूजा ने दूसरे गेम में भी बढ़त बनाई और एक मैच प्वाइंट को विजयी सर्व से बचाया, लेकिन निर्णायक क्षणों में सकामोटो की महत्वपूर्ण गलतियों का फायदा उठाते हुए वे मैच को समाप्त नहीं कर सकीं। हालांकि, डिसूजा के पास पदक जीतने का एक और मौका है, क्योंकि वह मोहम्मद अनस बेग के साथ मिश्रित युगल कांस्य पदक मैच में प्रतिस्पर्धा करेंगी। भारतीय जोड़ी वापसी करने और पोडियम पर अपने अभियान का समापन करने की कोशिश करेगी।
इंडोनेशिया की सुमाया से कड़े मुकाबले में मिली शिकस्त
इससे पहले शनिवार को महिला एकल टेकबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में डिसूजा हार गईं। डिसूजा ने जापान और कंबोडिया की खिलाड़ियों को हराकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया था। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला इंडोनेशिया की सुमाया से हुआ, जिनसे उन्हें 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय खिलाड़ी ने पहला सेट 12-7 से जीता, जिसके बाद इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने लगातार दो सेट 9-12 और 7-12 से अपने नाम किए।
(इनपुट: ANI)
ये भी पढ़ें- भारत का शतरंज ओलंपियाड में दबदबा कायम, लगातार चौथी जीत