प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

संजू सैमसन की जिम्मेदार पारी से भारत सेमीफाइनल में

संजू सैमसन की जिम्मेदाराना बल्लेबाजी से भारत सेमीफाइनल में

कोलकाता। संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी की मदद से गत चैंपियन भारत ने सुपर-8 के अंतिम मुकाबले में वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर आईसीसी टी 20 विश्वकप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

संजू सैमसन की जिम्मेदाराना बल्लेबाजी से भारत सेमीफाइनल में

ICC T20 World Cup 2026 |

कोलकाता। संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी की मदद से गत चैंपियन भारत ने सुपर-8 के अंतिम मुकाबले में वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर आईसीसी टी 20 विश्वकप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। संजू सैमसन ने मौके की नजाकत को देखते हुए 50 गेंद में 97 रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली। संजू सैमसन इस मैच में भारत की जीत के हीरो रहे और उन्हें "प्लेयर ऑफ द मैच" चुना गया। भारत ने कोलकाता के ईडन गार्डेंस मैदान पर टास जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया और वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 19.2 ओवर में ही पांच विकेट पर 199 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस प्रकार भारत ने वेस्टइंडीज को सुपर 8 के मुकाबले में पांच विकेट से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत सुपर-8 ग्रुप ए से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी  टीम बनी, जबकि वेस्टइंडीज का सफर समाप्त हो गया। भारतीय टीम छठी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है।

संजू सैमसन की 97 से भारत विजयी

वेस्टइंडीज द्वारा दिये गये 195 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरूआत अच्छी नहीं रही। भारतीय टीम के 2 विकेट पावरप्ले में ही गिर गये। जिंबाब्वे के खिलाफ उम्दा प्रदर्शन करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आज नहीं चले और वह मात्र दस रन बनाकर पैवेलियन लौट गये। इसके अलावा तीसरे नंबर पर उतरे ईशान किशन भी लगातार दूसरी पारी में फ्लॉप रहे। ईशान किशन भी सिर्फ दस रन पर अपना विकेट गंवा बैठे। इन दो झटकों के बाद भारत के लिए संजू सैमसन ने एक छोर से जिम्मेदाराना बल्लेबाजी करते हुए भारत की नैया पार करा दी। उन्होंने 50 बॉल पर नाबाद 97 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 12 चौके और 4 छक्के लगाए। तिलक वर्मा भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 15 बॉल पर 27 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 18 रन की छोटी सी पारी आई। हार्दिक ने केवल 14 बॉल पर 17 रन बनाए। शिवम दुबे ने केवल 4 बॉल पर दो चौके जड़ते हुए नाबाद 8 रन बनाए।

वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए  4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। केरेबियन टीम के रोस्टन चेस ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 25 गेंद में 40 रन बनाए। उन्होंने शाइ होप के साथ पहले विकेट के लिये 68 रन की साझेदारी की। होप ने 33 गेंद में 32 रन बनाए।दोनों ने अच्छी शुरूआत करते भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। भारत ने 12वें ओवर में वापसी की जब जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट चटकाए। इसके बाद रोवमैन पॉवेल और जैसन होल्डर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की। पॉवेल ने 19 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 34 रन बनाये जबकि होल्डर ने 22 गेंद में 37 रन बनाये जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे।पॉवेल ने अर्शदीप सिंह को 16वें ओवर में अच्छी खासी नसीहत देते हुए 24 रन बनाये।

जसप्रीत बुमराह चमके, भारत सेमीफाइनल में

मैच में टीम इंडिया की गेंदबाजी की बात करें तो वहां जसप्रीत बुमराह भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने इस मैच में 4 ओवर में 36 रन खर्च करते हुए दो विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 40 रन खर्च करते हुए 1 विकेट अपने नाम किए। वहीं वरुण ने भी अपने  4 ओवर में 40 रन खर्च करते हुए 1 विकेट हासिल किए। बीच के ओवरों में बुमराह ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन भारत ने उन्हें डैथ ओवरों के लिये बचाकर रखा जिसका कोई फायदा नहीं हुआ। अर्शदीप ने चार ओवर में 43 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

भारत की वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के बाद अब टी20 विश्व कप 2026 की सेमीफाइलन की चारों टीमें तय हो गई हैं। दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड पहले ही अंतिम चार पहुंच चुकी हैं। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड के साथ मुंबई केे वानखेड़े स्टेडियम में 5 मार्च को खेला जाएगा।

यह भी पढ़े: ईरानी दूतावास ने कहा- हमला अक्षम्य अपराध

https://www.primenewsnetwork.in/india/iran-embassy-in-india-slams-killing-as-unforgivable-crime/146579

Related to this topic: