प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

संजू सैमसन की बैटिंग से भारत फाइनल में

संजू सैमसन की बल्लेबाजी की बदौलत भारत चौथी बार फाइनल में

मुंबई। जैकब बेथेल के तूफानी शतक आज मेहमान टीम के काम नहीं आया और भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में मात्र सात रन से पराजित कर टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

संजू सैमसन की बल्लेबाजी की बदौलत भारत चौथी बार फाइनल में

ICC T20 World Cup 2026 |

मुंबई। जैकब बेथेल के तूफानी शतक आज मेहमान टीम के काम नहीं आया और भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में मात्र सात रन से पराजित कर टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। गत चैंपियन भारत चौथी बार टी-20 टूर्नामेंट के फाइनल में और लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचा है। भारत का फाइनल में अब न्यूजीलैंड से रविवार 8 मार्च को अहमदाबाद में मुकाबला होगा। न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर प्रवेश किया है।

बेथेल का तूफानी शतक बना चर्चा का केंद्र

सेमीफाइनल मैच में आज का मुख्य आकर्षण जैकब बेथेल का तूफानी शतक रहा। बेथेल ने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। दूसरी तरफ भारत की आज की जीत के हीरो संजू सैमसन रहे। उन्होंने 89 रन बनाए। पर सुपर-8 की तरह ही एक बार फिर वे शतक से चूक गए।

सैमसन की पारी से भारत ने बनाया विशाल स्कोर

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने सैमसन की तूफानी अर्धशतकीय पारी (89 रन) की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी। मेहमान टीम के लिए जैकब बेथेल ने 105 रन बनाए। भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए और इंग्लैंड की रन गति पर नियंत्रण बनाए रखने में सफल रहे। अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक सफलता अपने नाम की।

इंग्लैंड की शुरुआत रही बेहद खराब

इंग्लैंड की टीम की 254 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट महज 5 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। कप्तान हैरी ब्रूक भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 7 रन बनाकर आउट हुए। जोस बटलर एक बार फिर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 17 गेंदों में 25 रन बनाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। टॉम बैंटन महज 5 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। 95 के स्कोर पर इंग्लैंड के चार विकेट गिर चुके थे।

जैक्स और बेथेल ने मैच में भरी जान

इंग्लैंड के चार शीर्ष बल्लेबाजों के पैवेलियन लौट जाने के बाद विल जैक्स और जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 77 रन जोड़ते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। जैक्स 20 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सैम करन और बेथेल ने छठे विकेट के लिए 27 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी निभाई। करन ने 14 गेंदों में 18 रन बनाए।

बेथेल की शानदार पारी भी नहीं दिला सकी जीत

एक छोर से चट्टान की तरह जमे जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में शतक पूरा किया। बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रनों की लाजवाब पारी खेली, लेकिन वह इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सके। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 38 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप और बुमराह ने एक-एक विकेट हासिल किया।

भारत की बल्लेबाजी में दिखी जबरदस्त आक्रामकता

इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर भारत को पहले बैटिंग के लिए बुलाया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। यह भारतीय टीम का टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबले में सबसे बड़ा स्कोर है। सेमीफाइनल मैच में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से टीम को काफी उम्मीदें थीं लेकिन उन्होंने एक बार फिर निराश किया। वे मात्र 9 रन बनाकर चलते बने।

सैमसन-ईशान और दुबे ने संभाली पारी

हालांकि संजू सैमसन ने पहला विकेट सस्ते में निकल जाने के बाद बगैर दबाव में आए बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 42 बॉल पर 89 रनों की पारी खेली। लेकिन वे एक बार फिर सेमीफाइनल में सिर्फ 11 रन से शतक बनाने से चूक गए। इसमें आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे। संजू के साथ ईशान ने तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दूसरे छोर से 18 बॉल पर 39 रनों की धमाकेदार पारी खेली। शिवम दुबे भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 25 गेंदों में 43 रन बनाए।

आखिरी ओवरों में तिलक और पांड्या की तेज पारी

अंत के ओवरों में तिलक वर्मा ने सिर्फ 7 गेंदों में 21 रन बनाए, तो हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रनों का योगदान दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 11 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी करते हुए विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, जोफ्रा आर्चर काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 61 रन खर्च किए।

यह भी पढ़े: पीएम मोदी और फिनलैंड के राष्ट्रपति...

https://www.primenewsnetwork.in/india/pm-modi-finland-president-stubb-open-raisina-dialogue-2026/147383

Related to this topic: