मेजबान अमेरिका ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना दबदबा कायम रखते हुए ग्रुप-D के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हरा दिया है।
सिएटल (अमेरिका)। मेजबान अमेरिका ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना दबदबा कायम रखते हुए ग्रुप-D के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हरा दिया है। इस धमाकेदार जीत के साथ ही अमेरिकी टीम ने टूर्नामेंट के 'राउंड ऑफ 32' (नॉकआउट स्टेज) में अपनी जगह पक्की कर ली है। मैक्सिको के बाद नॉकआउट दौर के लिए क्वालीफाई करने वाली अमेरिका दूसरी टीम बन गई है। कोच मॉरीशियो पोचेटिनो की देखरेख में खेल रही अमेरिकी टीम ने लॉस एंजिल्स में पराग्वे को 4-1 से हराने के बाद, अब सिएटल में भी अपना विजयी अभियान जारी रखा है।
शुरुआती हाफ में ही अमेरिका ने बनाई बढ़त, VAR ने बदला फैसला
मैच की शुरुआत से ही अमेरिकी टीम कंगारू टीम पर हावी नजर आई। पहले मैच में दो गोल दागने वाले फोलारिन बालोगुन ने 11वें मिनट में एक बेहतरीन कट-बैक शॉट खेला, जिसे रोकने के चक्कर में ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरोन बर्गिस अपने ही नेट में मार बैठे। इस आत्मघाती गोल की बदौलत अमेरिका को 1-0 की शुरुआती बढ़त मिल गई।
इसके बाद डिफेंडर एलेक्स फ्रीमैन ने कॉर्नर से आए सर्जिनो डेस्ट के शॉट पर हेडर के जरिए गोल दागकर बढ़त को दोगुना कर दिया। हालांकि, शुरुआत में अंपायर ने इसे ऑफसाइड करार दिया था, लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) की समीक्षा के बाद इस फैसले को पलट दिया गया और अमेरिका को दूसरा गोल मिल गया।
बेअसर साबित हुए ऑस्ट्रेलियाई कोच के बदलाव
हाफटाइम के बाद मैच का रुख मोड़ने के लिए ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच टोनी पोपोविक ने टीम में बड़े बदलाव किए। उन्होंने तुर्की के खिलाफ पिछले मैच में जीत के हीरो रहे नेस्टोरी ईरानकुंडा और कॉनर मेटकाफ को मैदान पर उतारा। इसके बावजूद, दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलियाई टीम (सॉकरूज़) अमेरिकी डिफेंस को भेदने में नाकाम रही। पूरा दूसरा हाफ बिखरा हुआ नजर आया और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी गोल करने का कोई भी स्पष्ट मौका नहीं बना सके।
आंकड़ों में अमेरिका का ऐतिहासिक प्रदर्शन
फुटबॉल स्टैट्स वेबसाइट 'FotMob' के मुताबिक अमेरिका को वर्ल्ड कप इतिहास में अब तक 5 बार आत्मघाती गोल का फायदा मिला है, जिसमें से 2 इसी मौजूदा सीजन में आए हैं। इसके अलावा, अमेरिका ने टूर्नामेंट के लगातार दो मैचों के पहले हाफ में एक से ज्यादा गोल करने का कारनामा 1930 के बाद पहली बार दोहराया है। अमेरिका इस वर्ल्ड कप में अब तक कुल 6 गोल दाग चुका है। वह अपने सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (7 गोल - साल 1930 और 2002) को तोड़ने से महज एक गोल दूर है।
आगे का समीकरण: टॉप पर नजर
अमेरिका का अगला और आखिरी ग्रुप मैच 25 जून को लॉस एंजिल्स में तुर्की के खिलाफ होगा। अगर तुर्की की टीम पराग्वे को हराने में नाकाम रहती है, तो अमेरिका ग्रुप-D में शीर्ष पर रहते हुए अगले दौर में जाएगा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं, लेकिन नॉकआउट की रेस में बने रहने के लिए उन्हें पराग्वे के खिलाफ अपने आखिरी मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: तुर्किये का वर्ल्ड कप सपना टूटा, 10 खिलाड़ियों के साथ खेलकर भी पैराग्वे ने मारी बाजी