महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका से मिली 6 विकेट की हार के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने खराब फील्डिंग और छूटे कैचों पर निराशा जताई है। जानें भारत का अगला मैच कब है?
मैनचेस्टर (UK): भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप-2026 में साउथ अफ्रीका से छह विकेट से हारने के बाद अफसोस जताया है। उन्होंने माना कि खेल के दौरान कैच छूटना महंगा पड़ा। साउथ अफ्रीका की टीम जीत के लिए 158 रनों का पीछा कर रही थी। मैच के दौरान भारतीय टीम की फील्डिंग निराशाजनक रही। खासकर तब, जब टैज़मिन ब्रिट्स 18 रनों के निजी स्कोर पर थीं। उससमय भारतीय टीम ने एक मौका गंवा दिया और उनका एक कैच छूट गया।
टीम इंडिया की टूर्नामेंट में ये पहली हार
इसके बाद मैरिज़ान कैप को 25 और 65 रन पर सब्स्टीट्यूट फील्डर राधा यादव ने दो बार जीवनदान दिया। साउथ अफ्रीकी जोड़ी ने मौकों का फायदा उठाया। कैप 81 रनों पर नाबाद रहीं और अपनी टीम को जीत दिलाई। टीम इंडिया की टूर्नामेंट में ये पहली हार है। हरमनप्रीत ने कहा कि इंडिया के छूटे हुए कैच महंगे साबित हुए, क्योंकि टीम फील्ड में अहम मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रही। उन्होंने श्री चरणी और शैफाली वर्मा की बॉलिंग की तारीफ़ की। लेकिन, यह भी कहा कि फील्डर्स से सपोर्ट की कमी ने भारत के मौकों को नुकसान पहुंचाया।
भारत का अगला मैच 25 जून को बांग्लादेश से होगा
हरमनप्रीत ने कहा कि हार से कई सबक और पॉज़िटिव बातें मिलीं। उन्होंने कहा कि "बहुत कुछ सीखने को मिला, बहुत सारे पॉजिटिव पल और बहुत सारे ऐसे पल जब मुझे मजबूत रहना है। अब पॉजिटिव रहने और आने वाले मैचों में क्या करना है, यह सोचने का समय है। उम्मीद है, हम अगले मैचों में बेहतर करेंगे।" भारत का अगला मैच 25 जून को बांग्लादेश से होगा, जिसके बाद 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला होगा।