हरिद्वार में गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक डबल डेकर बस को डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि 26 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
1 Killed, 26 Injured After Pilgrim Bus Overturns in Haridwar Post Truck Collision |
हरिद्वार (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के हरिद्वार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक डबल डेकर बस को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रद्धालुओं से भरी बस हाईवे पर ही पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि 26 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा शांतिकुंज इलाके के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

गंगा स्नान के बाद लौट रहे थे श्रद्धालु
यह हादसा सोमवार सुबह तब हुआ जब श्रद्धालु गंगा नदी में स्नान के बाद वापस लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक आंध्र प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली इस डबल डेकर बस का मालिक राजस्थान के नागौर का रहने वाला है। यह बस तीन बसों के काफिले का हिस्सा थी, जिसमें सवार सभी श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे थे। सुबह बस जैसे ही हाईवे पर तीतरसी चौकी के सामने से चंडी चौकी की तरफ बढ़ी तभी एक लिंक रोड से आ रहे डंपर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।
चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के समय बस में सवार ज्यादातर लोग सो रहे थे। डंपर की टक्कर लगते ही बस पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हरिद्वार के सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि, "कंट्रोल रूम से सुबह ही हादसे की खबर मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को एम्बुलेंस और निजी गाड़ियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बस सवार यात्रियों में ज्यादातर महिलाएं थीं।"

अस्पताल में 26 घायलों का इलाज जारी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन भी तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। एसडीएम (SDM) योगेश मेहरा ने बताया कि जिला आपदा परिचालन केंद्र को बस पलटने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायल श्रद्धालुओं को पहले उप-जिला अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल 26 घायलों को मुख्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रशासन ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ और किसकी लापरवाही थी, इस पर अभी अधिकारी खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। एसडीएम योगेश मेहरा ने साफ किया कि हादसे के असली कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस ने डंपर और बस को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: महत्वपूर्ण खनिज और रेयर अर्थ मिनरल्स पर भारत-म्यांमार में सहमति, सहयोग बढ़ाने पर जोर