बहराइच के नानपारा क्षेत्र में सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जिले के नानपारा क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिलशाद पुत्र मुनीम (उम्र लगभग 10 वर्ष) निवासी इस्लामनगर, बंजारन टांडा, नानपारा के रूप में हुई है।
सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, दिलशाद की नानी बंजारन टांडा स्थित सरकारी राशन की दुकान (कोटा) पर राशन लेने जा रही थीं। इसी दौरान दिलशाद भी उनके पीछे-पीछे घर से निकल पड़ा। रास्ते में सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बालक को ऑटो रिक्शा की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नानपारा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, वाहन की तलाश जारी
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बांदा में सीएम योगी ने वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा का किया अनावरण