मैहर के देवी जी रोड स्थित सुमन कॉम्प्लेक्स में बुधवार देर रात जूते-चप्पल की दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान में रखे रबड़, लेदर और अन्य सामान के कारण आग तेजी से फैल गई।
मैहर: शहर के देवी जी रोड स्थित सुमन कॉम्प्लेक्स में बुधवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जूते-चप्पल की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दुकान से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार निकलने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।
दो दमकल गाड़ियों ने एक घंटे में आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद मैहर की दो फायर ब्रिगेड गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। दुकान के अंदर भारी मात्रा में रबड़, लेदर और अन्य जूते-चप्पल रखे होने के कारण आग बहुत तेजी से फैल गई थी।
आग से लाखों का स्टॉक और सामान जलकर खाक
पीड़ित दुकान संचालक मोहम्मद इरफान (मैहर निवासी) ने बताया कि वे बुधवार रात करीब 9:30 बजे हमेशा की तरह दुकान बंद कर अपने घर गए थे। कुछ ही देर बाद आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देख उन्हें फोन पर हादसे की जानकारी दी। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का स्टॉक और सामान जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ होगा। स्थानीय पुलिस और संबंधित प्रशासनिक टीमों ने घटना का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- औरंगाबाद में पुलिस का विशेष अभियान, 33 गिरफ्तार, शराब और वाहन बरामद