प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सहारनपुर में कुत्तों के हमले से मौत

उप्र : सहारनपुर में आवारा कुत्तों के हमले में 12 वर्षीय बच्चे की मौत

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आवारा कुत्तों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उप्र  सहारनपुर में आवारा कुत्तों के हमले में 12 वर्षीय बच्चे की मौत

12-year-old boy killed in stray dog attack in Saharanpur |

सहारनपुर:  उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आवारा कुत्तों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

12 वर्षीय बच्चे पर कुत्तों ने किया हमला

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली घटना बुधवार को बेहट क्षेत्र में हुई, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने मन्नू नामक 12 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह नोंच डाला जिसके कारण उसकी मौत हो गई। बेहट थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि मन्नू अपनी मां राजवती के साथ मंदिर गया था। जब उसकी मां पूजा की तैयारी में व्यस्त थीं, तभी वह कुछ दूर चला गया। इसी दौरान चार आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें

उन्होंने बताया कि कुत्तों ने मन्नू के चेहरे और गर्दन पर बुरी तरह काट लिया। बच्चे की मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर बच्चे को उनके चंगुल से बचाया। इसके बाद उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बच्चे के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।

चार वर्षीय बच्चा भी गंभीर घायल

वहीं, मंगलवार शाम आवारा कुत्तों के हमले की एक अन्य घटना में चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, चिलकाना थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर कस्बे के कोठीवाला इलाके में चार वर्षीय शादान अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। चिलकाना थाने के प्रभारी निरीक्षक अक्षय शर्मा ने बताया कि हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

आवारा कुत्तों को लेकर बढ़ी चिंता

आवारा कुत्तों के हमले की लगातार हुई इन दोनों घटनाओं से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रिहायशी इलाकों में घूमने वाले आवारा कुत्तों के झुंड बच्चों और अन्य लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related to this topic: