औरंगाबाद के सलैया थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में 14 वर्षीय प्रियंका कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
औरंगाबाद (बिहार)। जिले के सलैया थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में रविवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी धनंजय पासवान की पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां ने पढ़ाई को लेकर समझाया
परिजनों के अनुसार रविवार सुबह प्रियंका घर पर ही थी। उसकी मां कविता देवी ने उसे पढ़ाई को लेकर समझाया था। इसके बाद मां घर के काम में व्यस्त हो गई। कुछ देर बाद जब मां घर के अंदर गई तो किशोरी को अचेत अवस्था में पाया। यह दृश्य देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर लेकर पहुंचे।
मदनपुर सीएचसी में डॉक्टर ने किशोरी को किया मृत घोषित
मदनपुर सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार जय ने किशोरी की जांच की। जांच के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार परिजन उसे अस्पताल मृत अवस्था में ही लेकर आए थे।
सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सलैया थाना की पुलिस हरकत में आई। एसआई लक्ष्मण कुमार पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया।
अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज
सलैया थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने बताया कि किशोरी की मौत की सूचना मिली है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रियंका की मौत से परिवार सदमे में
इधर, घटना के बाद से मृतका के घर में मातम पसरा हुआ है। मां कविता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता धनंजय पासवान भी गहरे सदमे में हैं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों के अनुसार प्रियंका पढ़ने में ठीक थी और स्वभाव की भी शांत थी। किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा कदम उठा लेगी। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ं: कर्मवीर जयानंद भारती के भवन का होगा जीर्णोद्धार, मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल हुई योजना