बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास टहल रहे 17 वर्षीय किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
बरेली (उत्तर प्रदेश)। भमोरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में रेलवे ट्रैक के पास टहल रहे 17 वर्षीय किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कासगंज-लालकुआं पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आया किशोर
यह हादसा घटपुरी और मकरंदपुर रेलवे स्टेशन के बीच पोल संख्या 339/6-5 के पास हुआ। मृतक की पहचान भूपेंद्र (17) पुत्र नेकसू निवासी ग्राम नितोई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र रेलवे ट्रैक के किनारे टहल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कासगंज-लालकुआं पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
मकरंदपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर अफसर हुसैन ने बताया कि ट्रेन के गार्ड कुलदीप गुप्ता ने घटना की सूचना स्टेशन को दी। इसके बाद रेलवे अधिकारियों और भमोरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशोर की मौत से गांव में शोक, पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां मोरश्री, बड़े भाई मनोज सहित अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के आसपास अत्यधिक सतर्कता बरतें, ट्रैक पार करते समय या उसके किनारे चलते समय पूरी सावधानी रखें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें: सुल्तानपुर में 104 किलो गांजा बरामद, एसटीएफ और पुलिस की कार्रवाई में तस्कर गिरफ्तार