मुलताई के ग्राम खुदरी ढाना में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत के बाद पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
17-Year-Old Girl Dies After Suspected Poison Consumption, Police Probe Underway |
बैतूल,(मध्यप्रदेश)। जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम खुदरी ढाना में 17 वर्षीय किशोरी की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देर रात उपचार के दौरान हुई मौत
जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान दीपिका आहाके उम्र 17 वर्ष, पिता स्वर्गीय सुधाकर आहाके, निवासी ग्राम खुदरी ढाना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम दीपिका घर पर अकेली थी। उसकी मां और भाई खेत पर काम करने गए हुए थे। जब दोनों वापस लौटे तो उन्होंने दीपिका को घर में बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। इसके बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि उसकी हालत गंभीर बनी रही और देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जहरीले पदार्थ के सेवन का कारण स्पष्ट नही
परिजनों और पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीपिका इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा में सफल नहीं हो सकी थी। वहीं उसके पिता सुधाकर आहाके का करीब तीन वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है, कि किशोरी ने किन कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन किया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। गुरुवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है, कि मामले की जांच जारी है और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोरी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। अधिकारियों का कहना है, कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।
यह भी पढ़ेंः मैहर-कटनी हाईवे पर भीषण हादसा, खड़ी यात्री बस को ट्रक ने मारी टक्कर; एक की मौत, चार घायल