बलिया के जमुआ गांव में घर में बिजली का बोर्ड ठीक करते समय 18 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बलिया (उत्तर प्रदेश)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में मंगलवार को करंट लगने से 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बिजली का बोर्ड ठीक करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान अमन कुमार खरवार (18) पुत्र राजकुमार खरवार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमन घर में बिजली का बोर्ड और स्विच ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे बचाया नहीं जा सका।
हाल ही में इंटर पास किया था युवक
परिजनों ने बताया कि अमन ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और उच्च शिक्षा के लिए बीए में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहा था। परिवार को उससे कई उम्मीदें थीं, लेकिन एक हादसे ने उसके सभी सपनों पर विराम लगा दिया। अमन दो भाइयों में एक था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान बेटे का शव देखकर परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के बाद लोगों ने बिजली संबंधी कार्य करते समय पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़े: लखीसराय में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी