बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक की कथित मारपीट के बाद मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ग्राम उत्ती निवासी गोलू कासदेकर के रूप में हुई है।
बैतूल (मध्य प्रदेश)। बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक की कथित मारपीट के बाद मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ग्राम उत्ती निवासी गोलू कासदेकर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने नाना-नानी के साथ रहकर मजदूरी करता था और परिवार का एक मात्र बेटा था।
पेट्रोल पंप पर हुई कथित मारपीट
परिजनों के अनुसार, 5 जून की रात गोलू पेट्रोल भरवाने के लिए चांदू पेट्रोल पंप गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और किसी अन्य व्यक्ति के साथ हुए विवाद के शक में उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लकड़ी और डंडों से युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
नागपुर ले जाते समय टूट गई सांसें
घटना के बाद घायल गोलू को उपचार के लिए जिला अस्पताल बैतूल लाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे नागपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए नागपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए वापस बैतूल लाया गया।
अस्पताल में उमड़ा ग्रामीणों का हुजूम
रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। परिजनों का कहना है कि गोलू का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने में सहयोग करता था। मृतक के परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी, रिपोर्ट का इंतजार
झल्लार थाना पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस संभावित आरोपियों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: नरसिंहपुर में मारुति वैन से भारी मात्रा में अवैध सागौन लकड़ी जब्त, तस्कर फरार