प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

पश्चिम विनोद नगर में बाइक सवार दो अपराधियों ने...

पश्चिम विनोद नगर में बाइक सवार दो अपराधियों ने एक घर के बाहर की हवाई फायरिंग

पूर्वी दिल्ली के पश्चिम विनोद नगर में सोमवार देर रात बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक घर के बाहर तीन से चार राउंड हवा में गोलियां चलाईं।

पश्चिम विनोद नगर में बाइक सवार दो अपराधियों ने एक घर के बाहर की हवाई फायरिंग

फाइल फोटो |

पश्चिम विहार। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद अपराधी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात पूर्वी दिल्ली के पश्चिम विनोद नगर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक घर के बाहर तीन से चार राउंड हवा में गोलियां चलाईं।

फिरौती की धमकी से जुड़ा हो सकता है मामला

पुलिस को आशंका है कि यह मामला घर मालिक को मिली फिरौती की धमकी से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 12 बजे मिली और गोलीबारी जितेंद्र गुप्ता के आवास के बाहर हुई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है।

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने ली थी जिम के बाहर गोलीबारी की जिम्मेदारी

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह गोलीबारी पश्चिम विहार में एक जिम के बाहर हुई इसी तरह की घटना से जुड़ी हो सकती है। सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट सामने आया था जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने जिम के बाहर गोलीबारी करने की जिम्मेदारी ली थी। उन्होंने कहा कि वे तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।

शिकायतकर्ता को अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबर से आया था कॉल

उस घटना में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसे 27 सितंबर, 2025 को एक अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबर से इंटरनेट आधारित ऑडियो कॉल आया था। पुलिस ने बताया कि कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया और आठ दिनों के भीतर पांच करोड़ रुपये की मांग की, साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।

मोबाइल फोन से शिकायतकर्ता के घर का वीडियो बना रहे थे अपराधी

बाइक सवार दो लोगों द्वारा गोलीबारी किये जाने की सूचना पीसीआर (पुलिस नियंत्रण कक्ष) कॉल से मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम को जितेंद्र गुप्ता और उनके साथ एक प्रत्यक्षदर्शी हर्षित गुप्ता मिले जो उसी इलाके के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि जब वह सड़क पर खड़े थे तभी उन्होंने हेलमेट पहने दो अज्ञात लोगों को बाइक पर सवार देखा। उन्होंने बताया कि वे दोनों कथित तौर पर मोबाइल फोन से शिकायतकर्ता के घर का वीडियो बना रहे थे।

हवा में गोली चलाते हुए फरार हो गए बाइक सवार अपराधी

कुछ ही देर बाद उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी और देखा कि पीछे बैठा व्यक्ति हाथ उठाकर हवा में गोली चला रहा है। पुलिस ने बताया कि इसके बाद दोनों व्यक्ति बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मोबाइल अपराध टीम और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की एक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया और इलाके की जांच की गई। एक अधिकारी ने बताया कि अब तक कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है।

शिकायतकर्ता की सुरक्षा में दो सुरक्षा कर्मी तैनात

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता के आवास के बाहर सुरक्षा प्रदान करने के लिए दो सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र गुप्ता की शिकायत पर मधु विहार थाने में जबरन वसूली की धमकी से संबंधित एक मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/seven-accused-including-two-shooters-arrested-in-aap-sarpanch-murder-case/104691

आप सरपंच हत्याकांड: दो शूटर समेत सात आरोपी गिरफ्तार

Related to this topic: