मैनपुरी में केबल डालने के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडों से हुए हमले में दो लोग घायल हुए। घटना का वीडियो वायरल है।
मैनपुरी (उत्तर प्रदेश)। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नगला अनी में बिजली के पोल पर केबल डालने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे इस विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, इस घटना में घायल सदस्यों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जबरन केबल डालने से बढ़ा विवाद
दरअसल, पीड़ित छोटेलाल के अनुसार आरोपी पक्ष जिस तरफ से केबल डाल रहा था, उस तरफ़ से केबल डालने से मना किया। छोटेलाल के अनुसार कुछ दिन पहले ही उसी स्थान पर बिजली का तार गिरने से उनकी एक बकरी की मौत हो गई थी, इसी कारण उन्होंने दोबारा वहां केबल डालने से मना किया। विरोध से नाराज होकर आरोपी पक्ष जबरन केबल डालने लगा, जिससे विवाद बढ़ गया।
बकरी को भी लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला
छोटेलाल का आरोप है कि इसके बाद जितेंद्र, बबलू, अभिषेक, विवेक, रवि और सुरेश सहित कई लोगों ने एकजुट होकर उनके परिवार पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने घर के बाहर बंधी एक बकरी को भी लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। साथ ही, उन्होंने घर में रखा सामान बिखेर दिया और मुख्य दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
घटना के बाद पीड़ित परिवार एलाऊ थाने पहुंचा, लेकिन छोटेलाल का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि न तो रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित परिवार के सदस्य सुमित ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पहले पुलिस की लिखित कार्रवाई लाने की बात कही, जिससे घायलों के इलाज में भी परेशानी हुई।
यह भी पढ़े: पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करना पड़ा भारी, मालगाड़ी से कटकर अधेड़ की मौत