प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शोभायात्रा में करंट से 2 लोगों की मौत

शोभायात्रा में ट्रॉली में उतरा करंट, दो लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उल्लास के बीच शनिवार रात शीशगढ़ क्षेत्र के सराय गांव में दर्दनाक हादसा हो गया।

शोभायात्रा में ट्रॉली में उतरा करंट दो लोगों की मौत एक गंभीर रूप से घायल

2 Killed, 1 Seriously Injured After Electric Shock During Procession |

बरेली {उत्तरप्रदेश}: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उल्लास के बीच शनिवार रात शीशगढ़ क्षेत्र के सराय गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में निकाली जा रही भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा में शामिल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। करंट लगने से ट्रैक्टर चालक और 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि साउंड सिस्टम संचालक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद शोभायात्रा में अफरातफरी मच गई और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

जन्माष्टमी पर निकाली जा रही थी शोभायात्रा

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही थी। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भगवान श्रीकृष्ण सहित अन्य धार्मिक झांकियां सजाई गई थीं। श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ शोभायात्रा गांव के रास्तों से गुजर रही थी।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ट्रॉली

इसी दौरान एक ट्रॉली पर साउंड सिस्टम लगाने के लिए लगाया गया लोहे का लंबा पाइप रास्ते में नीचे झूल रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया। पाइप के संपर्क में आते ही तेज धमाके के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट दौड़ गया। अचानक करंट फैलने से ट्रॉली में मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। कई श्रद्धालुओं ने घबराकर ट्रॉली से कूदकर अपनी जान बचाई।

करंट लगने से दो की मौत

हादसे में ट्रैक्टर चालक और शोभायात्रा में शामिल 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साउंड सिस्टम संचालक बंटी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल उपचार के लिए बरेली के अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र और सीओ डॉ. अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।

नीचे झूल रही थी हाईटेंशन लाइन

ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते में हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विद्युत लाइनों को दुरुस्त कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़: हाईवे हादसे में घायल युवक ने सैफई पीजीआई में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

Related to this topic: