नरसिंहपुर में मां के साथ सो रहा दो वर्षीय मासूम रात में लापता हो गया और कुछ घंटों बाद उसका शव निर्माणाधीन मकान से बरामद हुआ।
2-Year-Old Boy Found Dead in Under-Construction House in Narsinghpur, Murder Suspected |
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम काचरकोना में आधी रात को मां के साथ सो रहे 2 वर्षीय मासूम बालक के अचानक लापता होने और बाद में गांव के ही एक निर्माणाधीन मकान में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ओर ग्रामीणों में इस घटना से रात से ही भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
बच्चा अपनी मां के साथ नाना के घर आया था
जानकारी के अनुसार, बच्चा अपनी मां के साथ नाना के घर आया हुआ था। रात करीब 10:30 बजे मां और बच्चा एक साथ सोए थे। रात करीब 12 बजे जब मां की नींद खुली, तो मासूम बिस्तर पर नहीं था। परिजनों ने तुरंत पड़ोसियों के साथ मिलकर बच्चे की खोजबीन शुरू की। करीब 1 घंटे तक पूरे गांव, नालियों और आसपास की जगहों पर तलाश करने के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की टीम करीब ढाई बजे मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम करीब ढाई बजे मौके पर पहुंची और तलाश अभियान तेज किया। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद गांव के ही एक निर्माणाधीन मकान के कोने में मासूम का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मासूम के नाक से खून निकल रहा था। ग्रामीणों का दावा है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां पहले भी कई लोग तलाश कर चुके थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शव को बाद में वहां फेंका गया है।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर पहुंचे
वही घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी संदीप भूरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है, साथ ही जबलपुर से भी विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है। पुलिस हर बिंदु और वैज्ञानिक साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने जताया हत्या का संदेह, कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने एक संदिग्ध महिला पर हत्या की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का दावा है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: हरदा में तीन हफ्ते से लापता 5 वर्षीय मासूम का शव घर के गड्ढे से मिला