औरंगाबाद के अंबा थाना क्षेत्र में काम पर जाते समय करंट की चपेट में आने से 21 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन रोहित कुमार की मौत हो गई।
औरंगाबाद,(बिहार)। अंबा थाना क्षेत्र के एरका सिंचाई कॉलोनी के समीप गुरुवार को करेंट की चपेट में आकर एक 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक की पहचान बभंडी गांव निवासी गणेश साव के बेटे रोहित कुमार के रूप में की गई है। मृतक इलेक्ट्रीशियन के तौर पर काम करता था और आज अपने बड़े भाई के साथ काम करने के लिए जा रहा था तभी करेंट की चपेट में आ गया।
चिकित्सकों ने मृत किया घोषित
आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोहित की मौत को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लेकिन उन कयासों से मौत की कोई भी ठोस वजह सामने नहीं आए है। रोहित कि मौत के बाद सदर अस्पताल में पहुंचे परिजन हादसे को लेकर आक्रोशित हो गए। जिसके कारण पुलिस को बुलानी पड़ी। फिलहाल सदर अस्पताल पहुंची नगर थाने की पुलिस द्वारा शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की जा रही है।
मृतक तीन भाई और एक बहन
समाचार लिखने तक इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई जा सकी थी। बताया गया है, कि मृतक तीन भाई और एक बहन है। बड़ा भाई भी इलेक्ट्रीशियन है और वह भी उसी संस्था में बिजली से संबंधित काम करते हैं। भाइयों में मृतक का दूसरा स्थान था और इनसे एक छोटा भाई भी है जो सातवीं कक्षा में पढ़ता है। रोहित के पिता एक छोटे किसान है जो खेती गृहस्थी करते है।
मां बाप ने संजोए थे शादी के सपने
रोहित भी अपने बड़े भाई के साथ बिजली के काम से उपार्जित धन से परिवार को सबल बना रहा था। लेकिन इस दर्दनाक हादसे में उसकी जान चली गई। परिवार के सदस्यों ने बताया कि बड़े भाई की हाल में ही शादी हुई थी और मां बाप इसकी भी शादी के सपने संजोए थे।लेकिन दर्दनाक हादसे में वह दुनिया से विदा हो गया।
यह भी पढ़ेंः स्वाद से लेकर शिल्प तक: यूपी की 10 चीजें, जो पूरे भारत में हैं मशहूर