बिहार के गयाजी में शारदीय नवरात्र के दौरान 22 वर्षीय शंकर कुमार ने सीने पर नौ कलश धारण कर नौ दिनों की कठिन साधना शुरू की है।
गयाजी (बिहार)। शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा की भक्ति के कई रूप देखने को मिल रहे हैं। बिहार के गयाजी में मां दुर्गा का एक अनोखा भक्त अपनी कठिन साधना को लेकर चर्चा में है। सलेमपुर मोहल्ले के रहने वाले 22 वर्षीय शंकर कुमार अपने सीने पर नौ कलश धारण कर नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। उनकी इस अनोखी भक्ति को देखने के लिए आसपास के इलाकों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
पिछले कई वर्षों से नवरात्र में सीने पर करते हैं कलशस्थापना
शंकर कुमार बताते हैं कि वह पिछले कई वर्षों से नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। पहले वह नवरात्र के दौरान फलाहार कर साधना करते थे, लेकिन इस बार उन्होंने सीने पर नौ कलश धारण कर कठिन तपस्या करने का निर्णय लिया है।शंकर के अनुसार, नवरात्र शुरू होने से दो दिन पहले मां दुर्गा उनके सपने में आई थीं। उन्होंने इसे कलश धारण करने का संकेत माना और नवरात्र शुरू होते ही अपनी साधना आरंभ कर दी।
पूरी दुनिया में शांति की है मन्नत
शंकर कुमार का कहना है कि उनकी कोई व्यक्तिगत मन्नत नहीं है। वह चाहते हैं कि देश, राज्य, जिला और उनके मोहल्ले सहित पूरी दुनिया में शांति बनी रहे। मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और हर व्यक्ति का कल्याण हो, इसी उद्देश्य से वह यह कठिन साधना कर रहे हैं।शंकर बताते हैं कि नौ दिनों तक उन्हें लेटे रहकर सीने पर कलश धारण करना है। साधना के दौरान वह बहुत सीमित मात्रा में घी और शहद ले रहे हैं।
मूल रूप से नवादा जिले के रहने वाले हैं शंकर कुमार
शंकर की साधना को लेकर सलेमपुर मोहल्ले के लोगों में भी उत्साह है। स्थानीय निवासी अनिल कुमार बताते हैं कि शंकर बचपन से ही मां दुर्गा के भक्त रहे हैं। जब उन्होंने नवरात्र से पहले इस तरह की साधना करने की इच्छा जताई, तो मोहल्ले के लोगों ने बैठक कर तैयारियां कीं और उन्हें सहयोग दिया। मूल रूप से नवादा जिले के रहने वाले शंकर कुमार वर्तमान में गयाजी के सलेमपुर मोहल्ले में रहते हैं। उनकी अनोखी साधना को देखने के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है।मां दुर्गा के प्रति अटूट आस्था और विश्व शांति की कामना के साथ शंकर कुमार की यह साधना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह भी पढ़ेंः जलालपुर थाना क्षेत्र में फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका