मिर्जापुर में 22 वर्षीय विवाहिता का शव घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के महुलार गांव में एक विवाहिता ने घर के अंदर साड़ी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साड़ी के फंदे से लटका मिला शव
लालगंज थाना क्षेत्र के महुलार गांव निवासी पिंटू कोल की 22वर्षीया पत्नी पूनम का शव मंगलवार की देर रात घर के अंदर खपरैल के बड़ेर में साड़ी के सहारे बने फंदे से लटका मिला। बताया गया कि पूनम की शादी करीब 14-15 माह पूर्व हुई थी। उसका मायका संतनगर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में है।
सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोग
घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। पूनम को अभी कोई संतान नहीं थी। घर में वह पति और सास के साथ रहती थी, जबकि ससुर बाहर रहकर काम करते हैं। घटना बीती देर रात की बताई जा रही है। विवाहिता के फंदे से लटकने की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर काल बनी पिकअप; विपरीत दिशा से आकर बाइक में मारी टक्कर, युवक की गई जान