मोतिहारी के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय विवाहिता शमसीदा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है।
24-Year-Old Married Woman Found Dead Under Suspicious Circumstances in Motihari |
मोतिहारी (बिहार)। रामगढ़वा थाना क्षेत्र के आर्यनगर वार्ड संख्या-7 में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान शमसीदा खातून के रूप में हुई है, जो बहुअरवा (थाना मझौलिया) निवासी सिकंदर शेख की पुत्री थीं।
शादी के बाद किया जाता था प्रताड़ित
जानकारी के अनुसार, शमसीदा खातून की शादी वर्ष 2020 में बैरिया पंचायत निवासी शेख इरशाद (पिता- शेख मकबूल) के साथ हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि शमसीदा की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
पुलिस ने हिरासत में की मृतका के ससुर और देवर से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के ससुर और देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति शेख इरशाद घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतका के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से की निष्पक्ष जांच की मांग
इधर, घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। रामगढ़वा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।