मध्य प्रदेश के मुलताई क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला द्वारा अपनी मासूम बेटी के साथ आग लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बैतूल (मध्य प्रदेश)। जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम वलनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय महिला और उसकी 15 माह की मासूम बेटी की जलकर मौत हो गई। दोनों की मौत पहले ही हो चुकी थी, अस्पताल से सूचना मिलने के बाद जब पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की तो मामले में ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ।
17 सितंबर का है मामला
पुलिस ने जांच के बाद महिला के पति, सास, ससुर और बुआ सास समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान संजना पति कपिल साहू, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम वलनी के रूप में हुई है। संजना का विवाह अप्रैल 2024 में कपिल साहू के साथ हुआ था। उनकी 15 माह की बेटी थी जिसका नाम हितिका था। पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर को पाढर अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक महिला की जलने से मौत हो गई है। महिला के साथ उसकी छोटी बच्ची की भी जलने से मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने तत्काल मामले की विस्तृत जांच शुरू की
सूचना पर पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम किया और मामले की विस्तृत जांच शुरू की। शुरुआती तौर पर यह आत्महत्या का मामला लग रहा था, लेकिन मायके पक्ष के बयानों ने पूरी कहानी बदल दी। मुलताई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट और वैज्ञानिक अधिकारियों की टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने मृतका संजना के माता-पिता और मायके पक्ष के अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए।
प्रताड़ना से तंग आकर उठाया यह कदम
परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही संजना को ससुराल में दहेज और अन्य कारणों से प्रताड़ित किया जा रहा था। मर्ग जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण तथ्य मिले जांच में यह सामने आया कि संजना को उसके पति कपिल साहू, सास ललिता साहू, ससुर रूपराम साहू और बुआ सास इमला बाई द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर संजना ने अपनी 15 माह की मासूम बेटी हितिका के साथ खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली जो बुरी तरह झुलसने से मां-बेटी दोनों की मौत हो गई। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी महिला की मौत का कारण जलने से हुआ हाइपोवोलेमिक शॉक बताया गया है। साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया।
यह भी पढ़ेंः वाराणसी में यूपी एटीएस और 30 लाख के इनामी नक्सली बृजेश गंजू के बीच मुठभेड़