प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मुरैना में घर में घुसकर महिला पर गोलीबारी

अंबाह में अज्ञात हमलावर ने 26 वर्षीय महिला के सिर में मारी गोली, हालत गंभीर

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह में घर में घुसे एक अज्ञात हमलावर ने 26 वर्षीय महिला बानू तोमर के सिर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अंबाह में अज्ञात हमलावर ने 26 वर्षीय महिला के सिर में मारी गोली हालत गंभीर

घायल महिला |

मुरैना/अंबाह (मध्य प्रदेश)। अंबाह की खजूरी रोड पर एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर 26 वर्षीय महिला बानू तोमर को सिर में गोली मार दी। घायल महिला को अंबाह सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद मुरैना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

गोली मारने के कारणों का फिलहाल पता नहीं

हमलावर की पहचान और गोली मारने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार, बानू पत्नी शैलेन्द्र तोमर घटना के समय अपने बच्चों के साथ घर में मौजूद थीं। उनके पति शैलेन्द्र खंडवा में निजी नौकरी करते हैं और घटना के समय वहीं थे। वारदात की सूचना पड़ोसियों ने उन्हें दी।

बेटी ने बताया, घर में घुसकर मारी गोली

घायल महिला की बेटी दीपाली के मुताबिक, वह अपनी मां, भाई और बहन के साथ घर के बीच वाले कमरे में थी, जबकि दादी बाहर वाले कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान नीली टी-शर्ट पहने एक युवक घर में घुसा और उसकी मां को गोली मारकर भाग गया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

ड्यूटी डॉक्टर श्रुति जैन ने बताया कि महिला को खून से लथपथ हालत में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। अंबाह एसडीओपी प्रशांत भदौरिया के अनुसार, खजूरी रोड पर महिला को गोली लगने की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर लोगों से पूछताछ कर रही है और घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमलावर का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

यह भी पढ़ेंः परमिंदर सिंह झोटा हत्याकांड का मुख्य आरोपी राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार, पंजाब में राजनीतिक भूचाल

Related to this topic: