बागनदी थाना पुलिस ने मवेशी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गौवंशीय मवेशियों को बुचड़खाना ले जा रहे एक अशोक लीलैंड पिकअप वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। राजनांदगांव जिले के बागनदी थाना पुलिस ने मवेशी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गौवंशीय मवेशियों को बुचड़खाना ले जा रहे एक अशोक लीलैंड पिकअप वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन से 5 नग गौवंशीय मवेशी बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग ₹25 हजार बताई जा रही है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत करीब ₹7 लाख है। कुल मिलाकर पुलिस ने ₹7.25 लाख का मशरूका जब्त किया है।
कोठीटोला कैम्प के पास बैरिकेडिंग कर दबोचा
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में मवेशी तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कोठीटोला कैम्प के सामने बैरिकेडिंग कर छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र की ओर जा रहे अशोक लीलैंड पिकअप वाहन क्रमांक CG 37 J 3903 को रोका गया।
बेरहमी से बांधे गए थे मवेशी, तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान वाहन में चार बैल और एक गाय को बेरहमीपूर्वक बांधकर ले जाते पाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे और मवेशियों को बुचड़खाना ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी अक्षय अशोक तुरकर और पुरुषोत्तम नाईक के साथ बोरतलाव निवासी फिरतु कंवर शामिल हैं।
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज, भेजे गए जेल
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और मवेशी तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: पद्म पुरस्कार 2026: राष्ट्रपति भवन में सम्मानित हुईं देश की महान हस्तियां