प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ट्रक से टकराई बाइक, बड़ा हादसा

प्रतापपुर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

सूरजपुर के प्रतापपुर में शादी समारोह जा रहे चार युवकों की बाइक मक्का लदे ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन की मौत और एक गंभीर घायल हो गया।

प्रतापपुर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत एक की हालत गंभीर

3 Youths Killed as Bike Hits Parked Truck in Surajpur Accident |

सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में देर रात हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे चार युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर किया गया है। 

हादसे में 16 और 15 साल के नाबालिग समेत तीन की मौत

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन में आगजनी कर अपना गुस्सा जाहिर किया। जानकारी के अनुसार, मृतकों में रूपचंद पैकरा (18 वर्ष), रवि पैकरा (16 वर्ष) और ओमप्रकाश पैकरा (15 वर्ष) शामिल हैं, जबकि अरमान पैकरा (17 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। सभी युवक प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बैकोना निवासी बताए जा रहे हैं।

सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकराई बाइक

बताया जा रहा है कि चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गृह ग्राम बैकोना से ग्राम खजूरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच जब वे ग्राम पंचायत रामपुर के मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे, तभी सड़क किनारे खड़े मक्का लोड ट्रक से उनकी बाइक पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीन युवकों की सांसें थम चुकी थीं। घायल अरमान पैकरा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

आक्रोशित लोगों ने वाहन में की आगजनी

एक ही गांव के तीन युवाओं की असामयिक मौत की खबर फैलते ही बैकोना गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन घरों से बच्चे शादी की खुशियों में शामिल होने निकले थे, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम छा गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों का आक्रोश भी फूट पड़ा। बताया जा रहा है कि लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को लेकर विरोध जताया और आगजनी जैसी घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया।

यह भी पढ़ेंः    कोरबा में तेज रफ्तार बाइक ठेले से टकराई, निगम के ठेका कर्मी की मौके पर मौत; नो-एंट्री खत्म होते ही हुआ दर्दनाक हादसा

Related to this topic: