पटना-इंदौर एक्सप्रेस (19322) के एच-1 कोच अटेंडेंट अजय सिंह राजपूत के पास से 311 जीवित इंडियन टेंट टर्टल (भारतीय टेंट कछुए) बरामद किए गए। ये कछुए दो बैगों में भरे हुए थे।
भोपाल। पटना-इंदौर एक्सप्रेस (19322) के एच-1 कोच अटेंडेंट अजय सिंह राजपूत के पास से 311 जीवित इंडियन टेंट टर्टल (भारतीय टेंट कछुए) बरामद किए गए। ये कछुए दो बैगों में भरे हुए थे। यह खुलासा तब हुआ जब रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अवैध शराब की नियमित जांच कर रहा था और अजय के व्यवहार पर संदेह हुआ।
संदिग्ध व्यवहार से हुआ खुलासा
एएसआई हेमंत कुमार राजपूत और आर. जॉनी कुमार ने अजय सिंह के दोनों बैगों की तलाशी ली, जिसमें दर्जनों छोटे जीवित कछुए पाए गए। इस बरामदगी से दुर्लभ वन्यजीवों की अवैध तस्करी नेटवर्क की आशंका सामने आई, जिसके बाद आगे की जांच शुरू कर दी गई। बरामद कछुआ इंडियन टेंट टर्टल प्रजाति का है। यह वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत पूरी तरह संरक्षित है। इसका पालन, परिवहन और बिक्री प्रतिबंधित है। तस्करी करने वाले को तीन से सात साल की सजा का प्रावधान है।
पैसों के लालच में तस्करी, पहली बार किया अपराध
पूछताछ में अजय ने बताया कि वह इंदौर का रहने वाला है और एक निजी एजेंसी के माध्यम से पिछले चार वर्षों से रेलवे में काम कर रहा है। उसे ये बैग लखनऊ में एक व्यक्ति ने दिए थे। एक बैग देवास और दूसरा इंदौर पहुंचाने के बदले उसे क्रमशः ₹1,000 और ₹1,500 देने का वादा किया गया था। अजय ने स्वीकार किया कि उसने यह काम लालच में आकर किया और यह उसकी पहली तस्करी की कोशिश थी।
इंडियन टेंट टर्टल के बारे में
इंडियन टेंट टर्टल एक छोटी मीठे पानी की कछुआ प्रजाति है, जो भारत, नेपाल और बांग्लादेश में पाई जाती है। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण कानूनों के तहत संरक्षित है। यह प्राकृतिक स्वच्छताकर्मी होते हैं। काई, शैवाल खाकर पानी को साफ रखते हैं। ऑक्सीजन के स्तर को बढ़ाते हैं। इससे जिस जगह रहते हैं वहां का इको सिस्टम स्वस्थ रहता है। ये गंगा और नर्मदा के साथ नदी में मिलते हैं। इसके शरीर पर छोटा नरम खोल होता है। इसकी लंबाई 350 मीमी तक होती है। ये रेत या मिट्टी के नीचे के पानी को पसंद करते हैं। इनका कवच तंबू के आकार का होता है। इसलिए इसे टेंट टर्टल यानि कि भारतीय तंबू कछुआ कहा जाता है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/mbbs-student-found-dead-at-mgm-medical-college-ragging-allegations-surface/132057
MBBS छात्र अंतरिक्ष ने सुबह पिता से मांगे मैस के पैसे, दोपहर में लगा ली फांसी