मुरैना के जौरा में पुलिस ने अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 35 पेटी शराब, 315 बोर की बंदूक और ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
35 Cartons of Illegal Liquor and Country-Made Gun Seized in Morena, One Arrested |
मुरैना (मध्य प्रदेश)। जौरा थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धमकन के पास बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके से 35 पेटी प्लेन अवैध शराब, 315 बोर की अवैध बंदूक और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। बरामद किए गए पूरे मशरूके की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
तीन आरोपियों में से एक गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद तीन आरोपियों में से एक को दबोच लिया गया, जबकि उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला अवैध शराब के परिवहन से जुड़ा
प्रारंभिक जांच में मामला अवैध शराब के परिवहन से जुड़ा बताया जा रहा है। बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस इलाके में खपाने की तैयारी थी। साथ ही फरार दोनों आरोपियों की भूमिका और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज
जौरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ेंः कोरबा में तेज रफ्तार कार ने 4 मवेशियों को मारी टक्कर, 3 की मौत