प्रशासन की यहां एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर के मानपुरक्षेत्र के फेज-1 में स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बनी बहुमंजिला इमारतों की पानी की टंकी में 5 मरी हुई छिपकलियां मिली हैं।
ग्वालियर। प्रशासन की यहां एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर के मानपुरक्षेत्र के फेज-1 में स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बनी बहुमंजिला इमारतों की पानी की टंकी में 5 मरी हुई छिपकलियां मिली हैं। इससे लोगों में दहशत फैल गया है। इस टंकी से करीब 1300 परिवारों को पानी की आपूर्ति होती है। हाल ही में इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण हुई मौतों के बाद यहां के निवासी अपनी सेहत को लेकर काफी डरे हुए हैं।
ऐसे हुआखुलासा
रहवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से नलों से आने वाले पानी में अजीब सी बदबू आ रही थी और पानी गंदा दिखाई दे रहा था। जब संदेह होने पर कुछ लोगों ने ऊपर जाकर टंकी का ढक्कन खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। टंकी के अंदर 5 छिपकलियां मरी हुई तैर रही थीं।
निगम नहीं करता नियमित सफाई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और संबंधित विभाग द्वारा टंकियों की नियमित सफाई और रखरखाव नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि टंकी का ढक्कन सही से बंद नहीं था, जिसके कारण जीव-जंतु अंदर गिर गए।
प्रशासन ने किया था सफाई का दावा
इंदौर की घटना के बाद प्रशासन ने शहर भर की टंकियों की सफाई का दावा किया था, लेकिन पीएम आवास की ये टंकियां उस अभियान से अछूती रह गईं। दूषित पानी के सेवन से कॉलोनी में महामारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। कई लोगों ने अब बाहर से पानी खरीदकर पीना शुरू कर दिया है।
टंकी को संक्रमण मुक्त करने की मांग
घटना के बाद गुस्साए रहवासियों ने प्रदर्शन किया और मांग की है कि पूरी टंकी को तुरंत खाली कर उसे संक्रमण मुक्त (sanitize) किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। घटना के तूल पकड़ते ही ग्वालियर नगर निगम और जिला प्रशासन हरकत में आया।
टंकी की सफाई का आदेश
निवासियों के हंगामे के बाद, नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत संबंधित ओवरहेड टैंक को खाली करने और उसे ब्लीचिंग पाउडर व क्लोरीन से पूरी तरह साफ करने के निर्देश दिए हैं। जब तक मुख्य टंकी की सफाई और शुद्धिकरण (Sanitization) प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र में वाटर टैंकरों के माध्यम से पीने के पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
लापरवाही की जांच के आदेश
नगर निगम आयुक्त ने इस लापरवाही की जांच के आदेश दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि टंकी का ढक्कन खुला क्यों था और आखिरी बार इसकी सफाई कब की गई थी। संबंधित सुपरवाइजर और मेंटेनेंस टीम को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है।
मेडिकल टीम तैनात करने पर विचार
एहतियात के तौर पर, प्रशासन ने क्षेत्र में एक मेडिकल टीम भेजने का विचार किया है ताकि यदि किसी निवासी को दूषित पानी के कारण पेट दर्द या संक्रमण की शिकायत हो, तो उसका तुरंत उपचार किया जा सके। प्रशासन अब शहर की अन्य पुरानी और पीएम आवास की टंकियों के लॉकिंग सिस्टम को दुरुस्त करने का दावा कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/sports/sanju-samson-blazes-india-to-254-in-t20-world-cup-2026-semifinal/147400
भारत ने इंग्लैंड को दिया 254 रनों का लक्ष्य, संजू सैमसन ने बनाए तूफानी 89 रन