पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में ड्यूटी के दौरान कर्मचारी मुन्ना पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच, पूरी CCTV फुटेज सार्वजनिक करने और मुआवजे की मांग की है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (उत्तर प्रदेश)। क्षेत्र में एक कंपनी में काम करने वाले 50 वर्षीय कर्मचारी मुन्ना पाल की ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक भिसौड़ी गांव निवासी था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने करंट लगने अथवा किसी अन्य हादसे की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच और न्याय की मांग की है।
मृतक को ट्रॉमा सेंटर और फिर बीएचयू अस्पताल ले जाया गया
मृतक के पुत्र सुधांशु पाल ने बताया कि उनके पिता पिछले करीब दो-तीन वर्षों से कंपनी में काम कर रहे थे। उन्हें घटना की जानकारी अस्पताल ले जाने के करीब एक घंटे बाद फोन के माध्यम से मिली। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि मुन्ना पाल को ट्रॉमा सेंटर और फिर बीएचयू अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मृतक को पहले से कोई बीमारी नहीं थी। बेटे ने आशंका जताई कि उनके पिता को इलेक्ट्रिक झटका लगा होगा और कंपनी प्रबंधन से न्याय की मांग की।
करीब 10-15 मिनट का महत्वपूर्ण फुटेज गायब
पूर्व प्रधान लाल बाबू यादव और ग्राम प्रधान महेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि मुन्ना पाल की ड्यूटी रात नौ बजे से सुबह नौ बजे तक थी। घटना के समय के CCTV फुटेज को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है, कि केवल कुछ समय का फुटेज दिखाया गया, जबकि करीब 10-15 मिनट का महत्वपूर्ण फुटेज स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है। इसी कारण घटना की परिस्थितियों को लेकर संदेह बना हुआ है।
जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि घटना के बाद परिवार को अलग-अलग अस्पतालों के नाम बताकर जानकारी देने में देरी की गई। साथ ही कंपनी प्रबंधन पर परिजनों से उचित तरीके से बातचीत नहीं करने का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, CCTV फुटेज की पूरी रिकॉर्डिंग सामने लाने तथा गरीब परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। परिजनों ने कम से कम 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग भी उठाई है।
यह भी पढ़ेंः बांस हटाने को लेकर विवाद, पोते ने दादी पर रॉड से किया हमला