उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश महताब उर्फ बेचैन मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में एक पुलिस उपनिरीक्षक भी घायल हो गए।
शामली {उत्तर प्रदेश }: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश महताब उर्फ बेचैन मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में एक पुलिस उपनिरीक्षक भी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से एक ऑटोमेटिक कार्बाइन और पिस्टल बरामद की है।
लूट के बाद पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, महताब उर्फ बेचैन लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने खंद्रावली पुलिस चौकी के पास घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश ढेर
बदमाश की गोलीबारी में एसआई दीपचंद घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में महताब को गोली लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
30 से अधिक मुकदमे थे दर्ज
पुलिस के अनुसार, महताब उर्फ बेचैन शामली के कैराना कस्बे का रहने वाला था और वर्ष 2017 के बाद से अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहा था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर समेत 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
मुकीम काला गैंग से था संबंध
पुलिस का कहना है कि महताब कुख्यात मुकीम काला गैंग से जुड़ा हुआ था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी तलाश कई मामलों में की जा रही थी।
मोबाइल फोन से जुटाए जा रहे सुराग
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बदमाश का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। अब उसकी कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल जानकारी के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़े: अमेठी में राम मंदिर चंदा चोरी पर सियासत तेज, पूर्व MLC ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप