इटावा के बकेवर क्षेत्र में बारिश के दौरान सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 60 वर्षीय अशोक पांडेय की सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई।
इटावा (उत्तर प्रदेश)। थाना बकेवर क्षेत्र के इंद्रावखी गांव में बुधवार को बारिश के दौरान सीढ़ियों से नीचे उतरते समय गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए 60 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बारिश के दौरान सीढ़ियों से नीचे उतरते वक्त हुआ हादसा
बताया गया कि इंद्रावखी गांव निवासी अशोक पांडेय (60) पुत्र रामदत्त पांडेय बुधवार को बारिश के दौरान सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल महेवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने जिला अस्पताल किया रेफर
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई रेफर कर दिया। परिजन उन्हें सैफई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गुरुवार सुबह इलाज के दौरान अशोक पांडेय ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की जानकारी मिलने पर बकेवर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें: गुजरात में शुरू हुआ स्पोर्ट्स जीनोमिक्स प्रोग्राम, DNA अध्ययन से होगी खेल प्रतिभाओं की खोज