प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अवैध पटाखे बरामद

बलिया में 656.800 किलो अवैध पटाखे बरामद, तीन गिरफ्तार

बलिया के गुदरी बाजार में पुलिस ने दुकान के बेसमेंट और डीसीएम गाड़ी से 656.800 किलो अवैध पटाखे बरामद किए। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया गया।

बलिया में 656800 किलो अवैध पटाखे बरामद तीन गिरफ्तार

656.8 Kg of Illegal Firecrackers Seized in Ballia, Three Arrested |

बलिया (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बलिया में आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और जनहानि की आशंका को रोकने के लिए बलिया पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने शहर के व्यस्ततम गुदरी बाजार स्थित एक दुकान के बेसमेंट और बाहर खड़ी एक डीसीएम गाड़ी से कुल 656.800 किलोग्राम अवैध पटाखा व विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर गुदरी बाजार में अवैध पटाखों के भंडारण का खुलासा

​13 की शाम कोतवाली पुलिस टीम के उप-निरीक्षक श्याम प्रकाश मिश्र पुलिस बल के साथ चित्तू पाण्डेय चौराहे पर मुस्तैद थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि मवेशी अस्पताल के पास गुदरी बाजार स्थित एक दुकान/घर और उसके बेसमेंट में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है, जिसे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से खपाने की तैयारी है।

दुकान के बेसमेंट से पटाखों के 9 कार्टून बरामद

​सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में दुकान संचालक चेतन गुप्ता और उसके पिता शशिमोहन गुप्ता पहले पुलिस को गुमराह करने लगे और भंडारण से साफ इनकार किया। तलाशी में बेसमेंट से पटाखों से भरे 9 कार्टून बरामद हुए, जिनमें मिनी बुलेट, किंग कोबरा मिर्ची बम, कलर स्पार्कल्स, अनार और सुपर बुलेट शामिल थे।

डीसीएम से 16 कार्टून पटाखे बरामद

​दुकान के बाहर सड़क पर खड़ी संदिग्ध डीसीएम गाड़ी की तलाशी लेने पर 16 कार्टून और बरामद किए गए। मौके से डीसीएम चालक आशीष यादव को हिरासत में लिया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर कुल वजन 656.800 किग्रा दर्ज हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि यह माल वाराणसी के जैतपुरा स्थित ट्रांसपोर्ट से मंगाकर जिले भर में सप्लाई किया जाता था।

संकरे बाजार में बारूद के असुरक्षित भंडारण से टला बड़ा हादसा

​गुदरी बाजार बेहद संकरा इलाका है। बेसमेंट में भारी बारूद का असुरक्षित भंडारण किसी भी क्षण भीषण अग्निकांड बन सकता था। पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने चेतन गुप्ता, शशिमोहन गुप्ता और आशीष यादव के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट 1884, एक्सप्लोसिव रूल्स 2008 तथा धारा 288 व 125(a) में विधिक कार्रवाई करते हुए चालान कर जेल भेज दिया है। 

ये भी पढ़ें:   अंबेडकरनगर में जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, 6 गिरफ्तार

Related to this topic: