मरपुर प्रखंड स्थित भदरिया मध्य विद्यालय में सोमवार सुबह सहपाठी दो छात्रों द्वारा कक्षा छह के एक छात्र को जमीन पर पटककर घायल करने का मामला सामने आया है।
बांका {बिहार}: जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित भदरिया मध्य विद्यालय में सोमवार सुबह सहपाठी दो छात्रों द्वारा कक्षा छह के एक छात्र को जमीन पर पटककर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घायल छात्र प्रणव कुमार (12) को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. दिवाकर सिंह ने छात्र का प्राथमिक उपचार किया। घटना के कारणों को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
परिजन को मिली छात्र के बेहोश होने की सूचना
मामले को लेकर अस्पताल में मौजूद घायल बालक के पिता ने बताया कि सोमवार की सुबह उनका पुत्र पढ़ने के लिए स्कूल गया था। थोड़ी देर के बाद सूचना मिली कि उनका पुत्र मारपीट के दौरान विद्यालय में मूर्छित हो गया है। अस्पताल में मौजूद विद्यालय के शिक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि सुबह के समय विद्यालय में प्रार्थना होने के बाद विद्यालय में अध्ययनरत छात्र जयप्रकाश कुमार तथा आकाश कुमार किसी बात को लेकर प्रणव के साथ बात-बहस कर रहे थे, जिसे समझाकर अपने-अपने क्लास में भेज दिया गया।
दोनों छात्रों ने जमीन पर पटका
थोड़ी देर के बाद पता चला कि दोनों छात्रों ने प्रणव को उठाकर जमीन पर पटक दिया है, जिस कारण प्रणव मूर्छित हो गया है। मामले की सूचना जख्मी छात्र के स्वजनों को दी गई। स्वजन के विद्यालय पहुंचने पर जख्मी छात्र को उपचार के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया। शिक्षक ने बताया कि विद्यालय में करीब 400 छात्र एवं छात्राएं नामांकित हैं, जिसे पढ़ाने के लिए एचएम समेत मात्र तीन शिक्षक ही विद्यालय में पदस्थापित हैं। जिस कारण विद्यालय में विधि व्यवस्था को संधारण करने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ जाता है।
ये भी पढ़ें: बहराइच में मुर्गों से लदी पिकअप और सब्जी वाहन में जोरदार भिड़ंत, 3 घायल; हाईवे पर लगा जाम