दिल्ली की एक कंपनी, मदनतारा इंडस्ट्री, के संचालक ने जबलपुर के एक दुकान मालिक को ई-बाइक और बल्ब कंपनी की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर 7.5 लाख रुपये की ठगी की है।
जबलपुर। शबर के कोतवाली क्षेत्र में एक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दिल्ली की एक कंपनी, मदनतारा इंडस्ट्री, के संचालक ने जबलपुर के एक दुकान मालिक को ई-बाइक और बल्ब कंपनी की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर 7.5 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद कंपनी के संचालक जय सिंह महोबिया के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
इस तरह दिया झांसा
आधारताल जय प्रकाश नगर निवासी आलोक जैन की चंडालभाटा समदड़िया कॉम्प्लेक्स में दुकान है। साल 2021 में जय सिंह महोबिया उनके पास पहुंचा और खुद को मदनतारा इंडस्ट्री का संचालक बताया। जय सिंह ने आलोक जैन की दुकान को 11 महीने के एग्रीमेंट पर किराए पर लिया। दुकान खाली करते समय महोबिया ने आलोक से कहा कि वह अब नए प्रोडक्ट्स बनाएगा और अगर आलोक चाहे तो शहर में उनकी फ्रेंचाइजी लेकर उन्हें बेच सकता है।
आलोक ने साल 2023 में 7 लाख 25 हजार रुपये
आरोपी की बातों में आकर आलोक ने साल 2023 में उसे 7 लाख 25 हजार रुपये दे दिए। जय सिंह ने वादा किया कि अगर माल भेजने में देरी हुई तो वह 3 प्रतिशत ब्याज भी देगा। पैसे लेने के बाद जब माल नहीं पहुंचा और आलोक ने एग्रीमेंट की बात की, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने लोन पास कराने के बहाने आलोक से 30 हजार रुपये और ले लिए।
न फ्रेंचाइजी मिली न रकम
आलोक जैन को न तो फ्रेंचाइजी मिली और न ही उनकी रकम वापस मिली। अंततः पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है। किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने से पहले कंपनी के दस्तावेजों और व्यक्ति की प्रामाणिकता की पूरी जांच अवश्य करें।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/lifestyle/deep-sleep-matters-simple-tips-to-beat-insomnia/149547
गहरी नींद का महत्व: अनिद्रा से बचने के आसान उपाय और स्वस्थ जीवन की कुंजी