मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के ग्राम मंगलाज में इंसान और जीव-जंतुओं के बीच संवेदनशील रिश्ते की अनोखी मिसाल देखने को मिली।
शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के ग्राम मंगलाज में इंसान और जीव-जंतुओं के बीच संवेदनशील रिश्ते की अनोखी मिसाल देखने को मिली। यहां एक बंदर की करंट लगने से मौत के बाद ग्रामीणों ने उसे भगवान हनुमान का स्वरूप मानते हुए पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने आठ दिनों तक शोक मनाया और तेरहवीं कार्यक्रम का आयोजन कर सामूहिक प्रसादी भी कराई।
करंट लगने से हुई थी बंदर की मौत
जानकारी के अनुसार, मंगलवार 28 जुलाई की दोपहर हरिजन मोहल्ले में एक बंदर बिजली के करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बंदर को श्रद्धा के साथ उठाया और करीब 12 लोगों ने मिलकर उसकी अंतिम यात्रा निकाली। इसके बाद श्मशान घाट ले जाकर धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच उसका दाह संस्कार किया गया।
पूरे विधि-विधान से किया अस्थि विसर्जन
बंदर के अंतिम संस्कार के बाद ग्रामीणों ने हिंदू परंपराओं के अनुसार आगे के संस्कार भी पूरे किए। गुरुवार को ग्रामीणों ने उसकी अस्थियां एकत्र कीं और सारंगपुर स्थित कपिलेश्वर घाट पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद अस्थि विसर्जन किया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने यह पूरा आयोजन धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ किया।
8 दिन तक मनाया गया शोक
मोहल्ले के 12 लोगों ने आठ दिनों तक शोक के नियमों का पालन किया। इस दौरान नियमित रूप से पूजा-पाठ किया गया और धार्मिक परंपराओं को निभाया गया। आठवें दिन मंगलवार शाम को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सबसे पहले बंदरों को केले खिलाकर उन्हें प्रसाद अर्पित किया गया।
तेरहवीं में ग्रामीणों ने खाई दाल-बाटी-चूरमा
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों के लिए सामूहिक प्रसादी का आयोजन किया गया। इसमें दाल, बाटी और चूरमा सहित पारंपरिक भोजन तैयार किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण कर बंदर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान भजन मंडली ने भगवान हनुमान और राम नाम के भजनों की प्रस्तुति दी। देर शाम तक भजन-कीर्तन चलता रहा और श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे नजर आए। ग्रामीणों की इस अनोखी श्रद्धा और संवेदनशीलता की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़े: बिहार में भीषण सड़क हादसा: NH-139 पर दो हाइवा की आमने-सामने टक्कर, आग लगने से एक चालक गंभीर घायल