ओडिशा के गंजाम जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सनाखेमुंडी ब्लॉक के राधादेईपुर पंचायत के जयनगर गांव में एक घर की रसोई में करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा घुस गया।
गंजाम (ओडिशा)। ओडिशा के गंजाम जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सनाखेमुंडी ब्लॉक के राधादेईपुर पंचायत के जयनगर गांव में एक घर की रसोई में करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा घुस गया। सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत घर से बाहर निकल आए। बाद में वन विभाग और स्नेक हेल्पलाइन की मदद से किंग कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
लोगों ने वन विभाग को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, जयनगर गांव निवासी सीमांचल स्वाईं के घर में गुरुवार रात यह किंग कोबरा रसोई तक पहुंच गया। जैसे ही परिवार के लोगों की नजर सांप पर पड़ी, पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग अपनी जान बचाकर बाहर निकल गए और तुरंत पाटपुर वन विभाग के फॉरेस्टर संतोष कुमार साहू को इसकी सूचना दी।

कोबरा के मुंह से निकला मृत धामन सांप
सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने स्नेक हेल्पलाइन के सदस्य को मौके पर भेजा। उन्होंने सावधानी के साथ किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। रेस्क्यू के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पता चला कि किंग कोबरा ने पहले ही एक धामन सांप को निगल लिया था। जब उसे पकड़ा गया तो उसके मुंह से मृत धामन सांप बाहर निकल आया।
विशालकाय सांप को देखने उमड़ी भीड़
किंग कोबरा के रेस्क्यू की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। हर कोई इस विशालकाय सांप को देखने के लिए उत्सुक नजर आया। रेस्क्यू के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित रूप से पास के जंगल में छोड़ दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में ट्रांसफार्मर से करंट लगने से 8 वर्षीय मासूम की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप