उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बेल्थरारोड स्थित सनशाइन मैरिज हॉल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया।
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र स्थित सनशाइन मैरिज हॉल में बुधवार को "मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना" के अंतर्गत भव्य एवं गरिमामय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। इस पावन अवसर पर कुल 82 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच परिणय सूत्र में बंधे। इस कार्यक्रम में विकासखंड सीयर क्षेत्र के 38 और विकासखंड नगरा क्षेत्र के 44 जोड़ों ने दांपत्य जीवन की नई शुरुआत की।
डीएम ने नवदंपतियों को प्रमाण पत्र और पौधे भेंट किए
समारोह का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने भगवान गणेश के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चार के साथ किया। हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार, सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने सात फेरे लेकर जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी ने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर उनके सुखद भविष्य की कामना की। उन्होंने जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आम के पौधे भेंट किए। समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के लिए सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के जरिए पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता सहित सभी तय सुविधाएं पारदर्शी ढंग से दी जाती हैं, जिससे परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी कम होता है।
डीएम ने आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की
डीएम ने जनता से अपील की है कि वे सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अन्य जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि पात्रों के आयुष्मान कार्ड तेजी से बनाए जा रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पात्र व्यक्ति संबंधित विभागों में आवेदन कर लाभ उठा सकते हैं। नवदंपतियों को आत्मनिर्भरता का संदेश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वे नई शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ करें और परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने का निरंतर प्रयास करें। विकसित प्रदेश के निर्माण में सभी नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना की। इस मौके पर सीडीओ आलोक कुमार समेत जिला स्तरीय अधिकारी व परिवारीजन उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- बलिया में कांग्रेस कार्यालय पर हंगामे के बाद सियासी घमासान तेज, गंगाजल छिड़ककर किया शुद्धिकरण