बांदा के गिरवां थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।
A man who sold vegetables to run his household took his life after being hit by a speeding dumper |
बांदा (उत्तर प्रदेश)। सब्जी बेचकर अपने परिवार का पेट पालने वाले एक व्यक्ति को शायद यह नहीं पता था कि बुधवार की रात उसकी जिंदगी की आखिरी रात बन जाएगी। गिरवां थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने एक व्यक्ति को इतनी जोरदार टक्कर मार दी कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया और देखते ही देखते सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया
जानकारी के अनुसार,बीती रात करीब 10 बजे गिरवां थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने सड़क किनारे मौजूद व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक पास में ही सब्जी की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। लेकिन एक पल में हुए इस दर्दनाक हादसे ने उसकी जिंदगी ही छीन ली और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जैसे ही व्यक्ति की मौत की खबर परिजनों और आसपास के लोगों को मिली,मौके पर चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया,जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। लोगों में हादसे को लेकर भारी गुस्सा देखने को मिला।
पुलिस और आलाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आलाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया,जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम खुलवाया जा सका। क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि गिरवां थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के ट्रक से एक्सीडेंट की सूचना प्राप्त हुई थी,जिसमें उसकी मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। वहीं,हादसा करने वाले डंपर ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार,मृतक के परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एक तेज रफ्तार और एक जोरदार टक्कर और उजड़ गई एक परिवार की दुनिया। सब्जी बेचकर घर चलाने वाला व्यक्ति अब कभी अपने परिवार के पास वापस नहीं लौटेगा।
यह भी पढ़ेंः अमेठी में सड़क किनारे झाड़ी में मिला युवक का शव: परिजनों ने जताई हत्या की आशंका