प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बिबियापुर में छत ढलाई के दौरान हादसा, पिता की मौत

बिबियापुर गोसाईं में छत की ढलाई के दौरान हादसा, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

कोतवाली कर्नलगंज के चचरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बिबियापुर गोसाईं गांव में मंगलवार शाम छत की ढलाई के दौरान शटरिंग लगाते समय एक मजदूर अचानक नीचे गिर गया।

बिबियापुर गोसाईं में छत की ढलाई के दौरान हादसा तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Accident During Roof Casting in Bibiyapur, Father Dies |

कर्नलगंज, गोण्डा {उत्तर प्रदेश}: कोतवाली कर्नलगंज के चचरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बिबियापुर गोसाईं गांव में मंगलवार शाम छत की ढलाई के दौरान शटरिंग लगाते समय एक मजदूर अचानक नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पहचान वासुदेव (35) पुत्र त्रिलोकी निवासी राजस्व ग्राम दिनकरिया झलियनपुरवा, मौजा नकार के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

शटरिंग लगाते समय बिगड़ा संतुलन

बता दें मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह बिबियापुर गोसाईं के मजरा गोसाईं पुरवा में एक मकान की छत की ढलाई के लिए शटरिंग लगा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया, वहीं पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि वासुदेव परिवार की रोजी-रोटी का मुख्य सहारा था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण

ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी और शव को नीचे से उठाकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। हर कोई मृतक के परिवार की स्थिति को लेकर चिंतित नजर आया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

पुलिस ने शुरू की पोस्टमार्टम की कार्रवाई

परिजन शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। मौजा नकार के प्रधान प्रतिनिधि बलवंत शुक्ल उर्फ कक्कन ने बताया कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था और मजदूरी करके परिवार चलाता था। हादसे की सूचना राजस्व अधिकारियों को दे दी गई है। पीड़ित परिवार को सरकार से अनुमन्य सहायता दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: रामगंगा के कटान से गोरा लोकनाथपुर का पुल शुरुआती हिस्सा कटा, बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे ग्रामीण

Related to this topic: