थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर {उत्तर प्रदेश}: थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने की। पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को पीड़िता के परिजनों ने थाना कोतवाली मंडी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी सुफियान खान उनकी बेटी का पीछा करता था, परिवार को जान से मारने की धमकी देता था और युवती पर उसकी इच्छा के विरुद्ध धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में दुष्कर्म की धारा भी बढ़ाई गई।
दिल्ली से हुई आरोपी की गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से महराजगंज जिले का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर में किराये के मकान में रह रहा था। उसके विरुद्ध पहले से भी एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर दी है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: राम मंदिर चढ़ावे पर सियासी घमासान, इमरान मसूद का भाजपा पर हमला; बोले- 'आस्था के नाम पर लूट बर्दाश्त नहीं'