प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रायबरेली की हवा प्रदूषित, AQI 165

रायबरेली में दिवाली के बाद बिगड़ी हवा की सेहत, AQI 165 पहुंचा

दीपावली पर आतिशबाजी के बाद रायबरेली की हवा प्रदूषित हो गई है और वायु गुणवत्ता सूचकांक 165 तक पहुंच गया है।

रायबरेली में दिवाली के बाद बिगड़ी हवा की सेहत aqi 165 पहुंचा

representative image |

रायबरेली। दीपावली पर आतिशबाजी का शोर थमने के बाद अब उसका असर शहर की आबोहवा पर दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकले धुएं और हानिकारक गैसों ने वातावरण को प्रदूषित कर दिया है। हवा की गुणवत्ता का सूचकांक (एक्यूआई) 165 तक पहुंचने से शहर की हवा मध्यम प्रदूषण श्रेणी में दर्ज की गई है। इससे लोगों को सांस संबंधी परेशानी होने की आशंका बढ़ गई है। खासकर दमा, एलर्जी और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

पटाखों के धुएं से बढ़े प्रदूषण के कण

दीपावली की रात शहर के विभिन्न मोहल्लों और बाजारों में देर रात तक आतिशबाजी होती रही। पटाखों से निकलने वाले धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें वातावरण में फैल गईं। इसके चलते हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ गई। आतिशबाजी के बाद सुबह भी वातावरण में धुंध और धुएं का असर महसूस किया गया। प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

बच्चों और बुजुर्गों को अधिक खतरा

वायु प्रदूषण का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी रोगों से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है। हवा में मौजूद बारीक कण फेफड़ों तक पहुंचकर परेशानी बढ़ा सकते हैं। ऐसे में सुबह और देर शाम खुले स्थानों पर टहलने से बचना चाहिए।

डॉक्टर की सलाह : मास्क लगाकर निकलें, सुबह की सैर से बचें

चिकित्सकों के अनुसार, प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। घर से बाहर निकलते समय अच्छी फिटिंग वाला एन-95 मास्क पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से बाहर न जाने दें। दमा और एलर्जी के मरीज अपनी निर्धारित दवाएं नियमित लेते रहें। घरों की खिड़कियां और दरवाजे प्रदूषण अधिक होने के समय बंद रखें। आंखों में जलन होने पर साफ पानी से धोएं। सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न या लगातार खांसी होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।

प्रदूषण कम करने के लिए सतर्कता जरूरी

लोगों को अनावश्यक आतिशबाजी से परहेज करना चाहिए। साथ ही कूड़ा और पत्तियां जलाने से भी बचना चाहिए। शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर ऐसे उपाय अपनाने होंगे, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

यह भी पढ़ेंः रायबरेली में कपड़े की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Related to this topic: