प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अखिलेश यादव का भाजपा पर वोट चोरी का आरोप

अखिलेश यादव का आरोप- वोट चोरी और चुनावी घोटाले में शामिल है भाजपा, चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग

अखिलेश यादव ने भाजपा पर वोट चोरी और चुनावी बेईमानी का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यूपी में जलभराव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव का आरोप- वोट चोरी और चुनावी घोटाले में शामिल है भाजपा चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग

Akhilesh Yadav Alleges BJP Role in Vote Theft, Election Irregularities |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और भाजपा वोट चोरी व घोटाले में शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से वे वोट चोरी के मामले में चुनाव आयोग का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी कर सकते हैं, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है।

चुनाव आयोग से क्रेडिबिलिटी बचाने की अपील

रविवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग अपनी क्रेडिबिलिटी बचाए और किसी के इशारे पर काम न करे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने वोट चोरी और चुनाव में बेईमानी को लेकर आयोग से कई बार शिकायतें कीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

रामपुर और उपचुनावों में बेईमानी का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर चुनाव से लेकर उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनावों में बड़े पैमाने पर बेईमानी हुई। उनके मुताबिक मतदाताओं को वोट नहीं डालने दिया गया और वोट काटे गए। उन्होंने अधिकारियों की मनमर्जी से तैनाती किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।

2022 के चुनाव को लेकर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावों में वोट चोरी और बेईमानी लंबे समय से चल रही है। उन्होंने कहा कि 2017 में वे लोग इसे समझ नहीं पाए, जबकि 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी समर्थकों के बड़ी संख्या में वोट काटे गए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इसकी शिकायत की, लेकिन किसी अधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं हुई।

नोएडा में फर्जी वोट बनाने का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि अब जब बेईमानी की खबरें फ्रंट पेज पर छपने लगी हैं, तब लोगों को समझ में आ रहा है कि वोट चोरी और चुनाव में घोटाला हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोएडा में अभी भी बड़े पैमाने पर वोट चोरी हो रही है और फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल और बिहार में दोबारा चुनाव की मांग

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में वोट चोरी की जिस तरह से खबरें आ रही हैं, उन्हें संज्ञान में लेते हुए कोर्ट को पश्चिम बंगाल और बिहार में दोबारा चुनाव कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में घोटाले और वोट चोरी के आरोप लगाने वाले तथा दोबारा चुनाव की मांग करने वाले लोग चुनाव आयोग में रहे हैं और अपने अनुभव के आधार पर ये बातें कह रहे हैं।

2027 चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2024 में भाजपा को हराया है और 2027 में भाजपा का सफाया कर देगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाएगी और भाजपा के फर्जी 27 हजार वोट घटाएगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा का चुनाव हारना तय है।

भाजपा की नीतियों पर लगाए आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा को पूंजीपतियों और धन्नासेठों की पार्टी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा किसान, नौजवान और गरीब विरोधी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुनाफाखोरी बढ़ाकर महंगाई बढ़ाई है।

जलभराव को लेकर सरकार पर निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। उनके मुताबिक भाजपा के भ्रष्टाचार और लूट के कारण प्रदेश के शहरों में जलभराव है और मुख्य नगरी डूब रही है। उन्होंने सवाल किया कि जो मुख्यमंत्री अपना गांव, शहर और नगर नहीं बचा सकता, वह प्रदेश के लिए क्या विकास का काम कर सकता है।

गोरखपुर और सैफई के विकास का जिक्र

अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को सैफई के विकास से कुछ सीख लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जिस गोरखपुर में मुख्यमंत्री मेट्रो रेल चलाने की घोषणा कर रहे थे, वहां नाव चल रही है। उन्होंने इसे सरकार के विकास का उदाहरण बताया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने जिन गांवों को गोद लिया था, उन्हें अनाथ छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में एक लाख करोड़ का बजट खर्च हो गया, लेकिन वहां भी जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी रहती है।

वाराणसी और लखनऊ में जल निकासी पर सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी में लाखों करोड़ का बजट खर्च हुआ, लेकिन क्यूटो नहीं बना। उन्होंने कहा कि बाढ़ रोकने के लिए बांध बनाए जाते हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने ऐसा कुछ नहीं किया कि लखनऊ में पानी निकालने के लिए हर जगह पंप का प्रयोग करना पड़े।

यह भी पढ़ें:   अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- भ्रष्टाचार से फेल हुई जल निकासी व्यवस्था

Related to this topic: